CG Congress-BJP candidate: CG कांग्रेस-भाजपा का 50-50 वाला गेम: भाजपा ने उतारे 50 फ्रेश चेहरे, कांग्रेस ने 50 को किया रिपीट

CG Congress-BJP candidate: विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने सभी 90 सीटों के लिए प्रत्‍याशियों की घोषणा कर दी है। दोनों पार्टियों ने जीताऊ प्रत्‍याशियों पर दांव लगाया है।

Update: 2023-10-25 15:21 GMT

CG Congress-BJP candidate: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में भाजपा ने बाकी बची 4 सीटों के लिए आज प्रत्‍याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही राज्‍य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस और भाजपा प्रत्‍याशियों का चेहरा स्‍पष्‍ट हो गया है। मौजूदा विधानसभा में 71 सीट कांग्रेस और 14 भाजपा के पास है। वैशालीनगर सीट से भाजपा विधायक रहे विद्यारतन भसीन का निधन हो गया है। यह सीट फिलहाल रिक्‍त है। यानी भाजपा के अभी 13 सीटिंग एमएलए हैं।

कांग्रेस प्रदेश में 15 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद मिली सत्‍ता को बचाए रचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है तो दूसरी तरफ 5 वर्ष पहले हाथ से निकली सत्‍ता को हासिल करने के लिए भाजपा एड़ी-चोटी का जोर लगा रखी है। सत्‍ता बचाए रखने के लिए ही कांग्रेस ने अपने 22 सीटिंग एमएलए की टिकट काट दी है। तो भाजपा ने भी टिकट काटने से परहेज नहीं किया है। भाजपा ने 13 में से 2 विधायकों का टिकट काट दिया है। इसमें बेलतरा सीट से रजनीश सिंह और बिंद्रानवागढ़ सीट से डमरुधर पूजारी की टिकट काट दी है।

विधानसभा चुनाव के लिए सत्‍तारुढ़ कांग्रेस ने अपने 50 सीटिंग एमएलए को फिर से टिकट दिया, तो भाजपा ने 50 नए चेहरों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस के टिकट वितरण की खबर को विस्‍तार से पढ़ने के लिए यहां क्‍लीक करें-

भाजपा ने 2018 के अपने 24 चेहरों को किया रिपीट

भाजपा ने अपने 13 में से 11 विधायकों को फिर से टिकट दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने 2013 ऐसे नेताओं को भी टिकट दिया है जो 2018 में चुनाव हार गए थे। यानी 2018 के चुनावी रण में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले कुल 24 चेहरे फिर से 2023 के मैदान में हैं।


भाजपा के 90 में 4 पुराने चेहरे, इनमें एक एमएलए भी

भाजपा ने इस बार 4 ऐसे लोगों को भी टिकट दिया है जो दूसरी पार्टी या निर्दलीय के रुप में 2018 का चुनाव लड़ चुके हैं। इनमें धर्मजीत सिंह भी शामिल हैं। धर्मजीत सिंह 2018 में जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ की टिकट पर लोरमी से विधायक चुने गए थे। इस सूची में बसना से संपत अग्रवाल का भी नाम शामिल है जो 2018 में निर्दलीय चुनाव लड़े थे। इस सूची में रोहित साहू और देवलाल ठाकुर भी शामिल हैं।

8 पूर्व विधायक और 4 सांसद

भाजपा ने 8 ऐसे लोगों को टिकट दिया है जो पहले विधायक रह चुके हैं। पार्टी ने अपने 4 सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा है। जिन 8 पूर्व विधायकों को टिकट दिया है उनमें रामविचार नेताम, विष्‍णुदेव साय, सुनीति सत्‍यानंद राठिया, लखनलाल देवांगन, डॉ. खिलावन साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विनोद खाण्‍डेकर और संजीव साहा शामिल हैं। इसी तरह सांसदों में रेणुका सिंह, गोमती साय, अरुण साव और विजय बघेल शामिल हैं।



 


Tags:    

Similar News