मंत्रिमंडल में सामाजिक कार्यकर्ता, डॉक्टर-इंजीनियर समेत व्यापारी भी शामिल....पढ़े...
चंडीगढ़ 19 मार्च 2022. पंजाब में आप सरकार के 10 मंत्रियों ने शपथ ली. पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने पंजाब कैबिनेट में शामिल मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह चंडीगढ़ में हुआ. मंत्रिमंडल के गठन के बाद बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे कैबिनेट की पहली बैठक होगी.
हरपाल सिंह चीमा-दिड़बा विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने हरपाल सिंह चीमा विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रहे हैं. चीमा पेशे से वकील रहे हैं और आम आदमी पार्टी के साथ शुरू ही जुड़े रहे हैं. वे आम आदमी पार्टी के बड़े दलित चेहरे माने जाते हैं.
डॉक्टर बलजीत कौर- डॉक्टर बलजीत कौर आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद साधु सिंह की बेटी हैं. डॉक्टर बलजीत कौर मलोट विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुई हैं. डॉक्टर बलजीत कौर पेशे से नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं
हरभजन सिंह ईटी- ओहरभजन सिंह ईटीओ को भी भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया है. हरभजन सिंह ईटीओ जंडियाला विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं. हरभजन सिंह 2012 में ईटीओ बने थे और 2017 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे.
डॉक्टर विजय सिंगला-मानसा से विधायक निर्वाचित हुए डॉक्टर विजय सिंगला ने प्रसिद्ध पंजाबी गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को मात दी थी. वे पेशे से डेंटल सर्जन हैं.
लालचंद कटारूचक्क- लालचंद कटारूचक्क भोआ विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव जीते हैं. वे काफी समय से समाजसेवा में सक्रिय रहे हैं और पहली दफे ही चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं. लालचंद कटारूचक ने कांग्रेस के दिग्गज नेता जोगिंदर पाल को मात दी थी.
गुरमीत सिंह मीत हेयर-गुरमीत सिंह मीत हेयर लगातार दूसरी बार बरनाला से विधायक बने हैं. वे बीटेक की पढ़ाई करने के बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी करने दिल्ली चले गए थे. गुरमीत दिल्ली में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जुड़े और बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए. 32 साल के मीत हेयर दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं.
हरजोत सिंह बैंस-हरजोत सिंह बैंस श्रीआनंदपुर साहिब विधानसभा सीट से विधायक हैं. हरजोत सिंह बैंस ने पिछली सरकार के दौरान पंजाब विधानसभा के स्पीकर रहे राणा केपी सिंह को मात दी थी. लंदन से पढ़े हरजोत सिंह वकील हैं. पिछली बार वे साहनेवाल से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे. हरजोत आम आदमी पार्टी की यूथ विंग के अध्यक्ष भी हैं.
लालजीत भुल्लर-लालजीत भुल्लर ने पट्टी सीट से आदेश प्रताप सिंह कैरों को मात दी थी. कैरों, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के दामाद हैं. पट्टी की अनाज मंडी में आढ़त का काम करने वाले लालजीत सिंह भुल्लर किसी समय कैरों के करीबी हुआ करते थे.
ब्रह्मशंकर जिम्पा-ब्रह्मशंकर जिम्पा ने होशियारपुर सीट से चुनाव जीता. उन्होंने चन्नी सरकार के मंत्री सुंदर अरोड़ा को मात दी थी. ब्रह्मशंकर अपना व्यापार करते हैं. वे छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे. ब्रह्मशंकर 25 साल पार्षद भी रहे हैं.
कुलदीप सिंह धालीवाल-अजनाला सीट से विधायक बने कुलदीप सिंह धालीवाल सात साल पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे. वे बागवानी करते हैं. कुलदीप सिंह धालीवाल के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज है. धालीवाल अपने गांव में हाशिम शाह का मेला आयोजित करवाते रहे हैं जिसमें पंजाब के कलाकार हिस्सा लेते थे.