ब्रेकिंग: विधानसभा चुनाव टला, अब 20 फरवरी को होगा मतदान...चुनाव आयोग ने किया एलान

Update: 2022-01-17 09:50 GMT

नईदिल्ली 17 जनवरी 2022। पंजाब में मतदान की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब 20 फरवरी को मतदान होगा। सोमवार सुबह चुनाव आयोग की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

दरअसल पंजाब में पहले 14 फरवरी को मतदान होना था वहीं 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती है। गुरु रविदास जयंती पर पंजाब के एससी समुदाय के लोग वाराणसी जाते हैं। इसी कारण मतदान को टालने की मांग तेज हो रही थी। अब पंजाब चुनाव के लिए अधिसूचना 25 जनवरी को जारी होगी। नामांकन पत्र एक फरवरी तक भरे जाएंगे। चार फरवरी तक उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट बन जाएगी।

आयोग ने कहा, "आयोग को राज्य सरकार, राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों से कई आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें गुरु रविदास जी जयंती समारोह में भाग लेने के लिए पंजाब से वाराणसी में बड़ी संख्या में भक्तों की आवाजाही के संबंध में ध्यान आकर्षित किया गया है, जो 16 फरवरी 2022 को मनाया जाता है। पार्टियों ने ये भी बताया है कि उत्सव के दिन से लगभग एक सप्ताह पहले बड़ी संख्या में भक्त वाराणसी के लिए जाना शुरू कर देते हैं और मतदान का दिन 14 फरवरी 2022 को रखने से बड़ी संख्या में मतदाता मतदान से वंचित रह जाएंगे। इसे देखते हुए उन्होंने 16 फरवरी 2022 के कुछ दिनों बाद मतदान की तारीख को स्थानांतरित करने का अनुरोध किया था। आयोग ने इस संबंध में राज्य सरकार और मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब से भी इनपुट लिया है। इन आवेदनों, राज्य सरकार और मुख्य चुनाव अधिकारी के इनपुट पर विचार करने के बाद, अब आयोग ने पंजाब की विधान सभा के आम चुनावों को निम्नलिखित तरीके से पुनर्निर्धारित करने का निर्णय लिया है।"

1. अधिसूचना की तिथि: 25 जनवरी 2022 (मंगलवार)

2. नामांकन की अंतिम तिथि: 1 फरवरी 2022 (मंगलवार)

3. स्क्रूटनी की तिथि: 2 फरवरी 2022 (बुधवार)

4. आदेवदन वापस लेने की तिथि: 4 फरवरी 2022 (शुक्रवार)

5. मतदान की तिथि: 20 फरवरी 2022 (रविवार)।

वोटों की गिनती 10 मार्च 2022 (गुरुवार) को होगी।



Tags:    

Similar News