जशपुर कांग्रेस और महासमुंद विधायक पर भाजपा का निशाना.. बोले प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव- "कांग्रेस के लोग मारपीट कर रहे तो दूसरी तरफ़ मीडिया और पत्रकार जगत के दमन में भी शामिल"
रायपुर,27 अक्टूबर 2021। महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर पर लगे मारपीट के आरोप और उसके साथ ही जशपुर ज़िला कांग्रेस की ओर से बाजरिया कुनकुरी विधायक यू डी मिंज के सभी न्यूज एजेंसियों पर एफआईआर की माँग वाले पत्र को लेकर भाजपा ने जमकर हल्ला बोला है। भाजपा ने विधायक विनोद चंद्राकर की मौजुदगी में मारपीट की घटना को प्रदेश के राजनैतिक इतिहास का काला अध्याय जबकि विधायक यू डी मिंज द्वारा मीडिया के खिलाफ थाना प्रभारी को सौंपे पत्र को कांग्रेस का अलोकतांत्रिक असहिष्णू और अधिनायकवादी राजनैतिक चरित्र का परिचायक बताया है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बयान जारी कर कहा है
"आबकारी दफ़्तर में कांग्रेस विधायक की मौजुदगी में जो कुछ हुआ वह कांग्रेस के चरित्र की एक बानगी है।प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मारपीट और हमला करती कांग्रेस नेताओं जनप्रतिनिधियों की हरकतों की वजह प्रदेश में जंगलराज का आलम है"
कुनकुरी मसले का ज़िक्र करते हुए प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा
"जशपुर कांग्रेस सम्मेलन में मारपीट से जुड़ी खबरें और वीडियो प्रसारित होने पर कांग्रेस के लोगों का मीडिया के खिलाफ प्रलाप समझ से परे है। यह मीडिया सोशल मीडिया के प्रति कांग्रेस के दुराग्रहों का परिचायक है"