भारतीय वन सेवा का परिणाम घोषित, रायपुर के हर्षित ने पाया ऑल इंडिया पाँचवा रैंक, पिता हैं राज्य वन सेवा अधिकारी

Update: 2022-06-28 14:38 GMT

रायपुर। यूपीएससी द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। रायपुर के हर्षित मेहर ने देशभर में पांचवां रैंक हासिल किया है। इससे पहले जारी सिविल सर्विसेस परीक्षा के परिणाम में भी हर्षित को स्थान मिला था।

हर्षित रायपुर के देवेंद्र नगर के रहने वाले हैं। उनके पिता डीके मेहर राज्य वन सेवा के अधिकारी हैं। हर्षित इंजीनियरिंग स्नातक हैं। उन्होंने 2017 में बीआईटी दुर्ग से मैकेनिकल ब्रांच में इंजीनियरिंग स्नातक किया है। उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी दिल्ली न जाकर घर पर ही रह कर की है। आईएफएस के लिए उनका यह दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्हें देशभर में पांचवां स्थान मिला है। कुछ दिनों पूर्व जारी यूपीएससी सिविल सर्विसेस के परिणाम में भी हर्षित को 376वीं रैंक हासिल हुई थी। यूपीएससी सिविल सर्विसेज की तैयारी करते हुए हर्षित को राज्य वन सेवा में कार्यरत अपने पिता से वन सेवा में जाने की प्रेरणा मिली। हर्षित के प्रेरणा स्त्रोत उसके पिता डीके मेहर के अतिरिक्त माता मंजू मेहर भी हैं, जो कि गृहिणी हैं। ज्ञातव्य है कि यूपीएससी के द्वारा सिविल सर्विसेस व वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा एक साथ ली जाती है, जिसके बाद उसकी मुख्य परीक्षा व इंटरव्यू अलग-अलग होते हैं।

Tags:    

Similar News