अपहरण की झूठी कहानी: खुद का अपहरण कर पत्नी को किया फिरौती के लिए कॉल, बोला- तुम्हारा पति किडनैप हो चुका...

Update: 2022-07-06 15:46 GMT

जांजगीर। रहस्यमय ढंग से गायब फाइनेंस कर्मी को पुलिस ने खोज निकला है। लापता युवक ही खुद के किडनेप होने की झूठी कहानी रच कर अपनी पत्नी से फिरौती के लिए फोन कर रहा था। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर इस पूरे मामले में उससे पुचतच कर रही है। घटना जांजगीर कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के जिल्गा ग्राम निवासी 31 वर्षीय महेंद्र शर्मा ने दो साल पहले ही लव मैरिज की थी। 6 माह पूर्व वह एक निजी फाइनेंस कम्पनी में काम करने के लिए जांजगीर के चंदनिया पारा में किराए का मकान लिया था। वह घर मे अपनी पत्नी के साथ रहता था। कल सुबह वह दूध लेने के लिए निकला पर वापस नहीं आया। पति के लापता होने के बाद से ही लगातार पत्नी के पास धमकी भरा फोन आ रहा था और सामने वाले ने कहा कि तुम्हारा पति किडनैप हो चुका है। यदि पति को वापस चाहती हो तो पैसा तैयार रखो।

इस बात से घबराई पत्नी ने इसकी जानकारी अपनी गांव में रहने वाली सास उषा शर्मा को दी। बेटे के अपहरण की सूचना पाकर मां उषा शर्मा कोरबा से सीधे कोतवाली थाना जांजगीर पहुँची और घटना की शिकायत जांजगीर कोतवाली पुलिस को दी। उषा शर्मा के अनुसार उनके पुत्र से एक रात पूर्व 9 बजे उनकी अंतिम बार बात हुई थी। उषा शर्मा के अनुसार उनके बेटे ने लव मैरिज की थी। इसके बाद उसके ससुराल वालों से उसकी बनती नहीं थी और न ही आना जाना था। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।

इस बीच पुलिस को लापता युवक के बारे में जानकारी मिली। इस जानकारी के बाद देर शाम पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक युवक खुद ही गायब हो गया था औऱ खुद ही अपने अपहरण का षड्यंत्र रचकर अपनी पत्नी को किडनैपर बन कर फिरौती के लिए फोन कर रहा था।

वहीँ इस संबंध में एसपी विजय अग्रवाल ने एनपीजी को जानकारी देते हुए बताया कि फाइनेंसकर्मी को खोज लिया गया है। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर मीडिया को इसकी जानकारी दी जाएगी। फिलहाल कर्मी से पूछताछ जारी है।

Similar News