डीएमएफ की बैठक में नाराज सांसद नेताम ने छोड़ी बैठक : स्वीकृत कार्यों की सूची देख भड़के रामविचार.. मीडिया से कहा- "प्रस्ताव कब माँगे गए.. ये पता नहीं चला..हम कोई पुतला नही..कि बैठे सर हिलाएँ और चले आएँ.. जनहित के लिए है डीएमएफ"

Update: 2021-11-27 06:43 GMT

बलरामपुर,27 नवंबर 2021। ज़िला मुख्यालय में आयोजित डीएमएफ की बैठक के बीच में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम भड़क कर चले गए। बैठक में स्वीकृत कार्यों का अनुमोदन होना था। खबरें हैं कि, सांसद नेताम ने डीएमएफ में स्वीकृत कार्यों का प्रस्ताव कब लिया गया इस पर सवाल पूछा और तब वे नाराज़ हो गए जबकि उन्होंने यह पाया डीएमएफ मद के प्रस्तावों लिए जा रहे हैं इसे लेकर उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई थी।

सूत्रों के अनुसार बैठक में सांसद नेताम ने स्वीकृत कार्यों की मंशा को लेकर भी प्रश्न खड़ा किया, जबकि सांसद रामविचार नेताम नाराज हुए तब केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती रेणुका सिंह, क्षेत्रीय विधायक बृहस्पति सिंह और चिंतामणि महाराज भी बैठक में मौजुद थे। बुरी तरह बिफरे सांसद नेताम बैठक छोड़ कर ही चले गए।

सांसद रामविचार नेताम ने कहा "डीएमएफ पर बैठक थी, वहाँ गए तो पता चला स्वीकृत प्रस्ताव पर चर्चा है, हमें पता ही नहीं है कि कब प्रस्ताव मंगाए गए, मैंने यही प्रश्न किया, जो कार्य प्रस्ताव वहाँ थे वह भी डीएमएफ के मूल उद्देश्य को पूरा नहीं करते.. अब मैं कोई पुतला तो हूँ नहीं कि सर हिलाकर चले आएँ..जनहित की अवहेलना क्यों स्वीकार करता मैं… मैं बैठक से बाहर आ गया.."

सूचना यह बताती है कि, डीएमएफ की इस बैठक को इस बार स्थगित रखने और अगली बार रखने के लिए सांसद नेताम की ओर से डीएमएफ अध्यक्ष कलेक्टर को फ़ोन गया, लेकिन बैठक में उपस्थित शेष सदस्यों ने असहमति जताई जिसके बाद बैठक चलती रही और क़रीब साढ़े नौ बजे समाप्त हो गई।

Tags:    

Similar News