स्वामी समेत 72 सांसद रिटायर, पीएम मोदी बोले- कमी खलेगी, अनुभवी साथी के जाने से...

Update: 2022-03-31 06:45 GMT

नईदिल्ली 31 मार्च 2022। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा के 72 सेवानिवृत्त सदस्यों की विदाई के मौके पर राज्यसभा में अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि हमारे राज्यसभा सदस्यों के पास बहुत अनुभव है। कभी-कभी अनुभव में ज्ञान से अधिक शक्ति होती है। हम सेवानिवृत्त सदस्यों से कहेंगे कि एक बार फिर से आइए। पीएम मोदी ने कहा कि हमने इस संसद में लंबा समय बिताया है। इस सदन ने हमारे जीवन में बहुत योगदान दिया है। इस सदन के सदस्य के रूप में प्राप्त अनुभव को देश के चारों दिशाओं में ले जाना चाहिए।

रिटायर होने वाले सदस्यों ने आज पीएम मोदी के साथ फोटो खिंचवाई। पीएम मोदी ने उच्च सदन में कहा कि ज्ञान से ज्यादा मूल्यवान अनुभव होता है। रिटायर होने वाले सदस्य अब बाकी दुनिया को अपने अनुभव का फायदा पहुंचाएंगे। पीएम मोदी के बाद एक-एक कर सदस्यों ने अपने विचार रखें।

कांग्रेस: आनंद शर्मा, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, प्रताप सिंह बाजवा, शमशेर सिंह डूल्लो, रिपुन बोरा और रानी नारह

भाजपा: सुब्रमण्यम स्वामी, अभिनेता सुरेश गोपी, अभिनेत्री से नेता बनीं रूपा गांगुली और पत्रकार स्वप्न दासगुप्ता, बॉक्सर मैरी कॉम और अर्थशास्त्री नरेंद्र जाधव सेवानिवृत्त होने वाले मनोनीत सदस्य हैं।

बीजेपी के श्वेत मलिक (पंजाब) का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है। नागालैंड से एकमात्र सदस्य नागा पीपुल्स फ्रंट के केजी केने भी सेवानिवृत्त होंगे।

लोकतांत्रिक जनता दल के एमवी श्रेयम्स कुमार (केरल), सुखदेव सिंह ढींडसा, पंजाब से शिरोमणि अकाली दल के नरेश गुजराल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के के सोमा प्रसाद (केरल) और झरना दास बैद्य (त्रिपुरा) भी सेवानिवृत्त होंगे।

आज 6 राज्यों की 13 सीटों के लिए मतदान होगा। ये राज्य हैं - असम (2), हिमाचल (1), केरल (3), नागालैंड (1), त्रिपुरा (1), और पंजाब (5)। भाजपा को भरोसा है कि पंजाब को छोड़कर अन्य सभी राज्यों से उसके सदस्य राज्यसभा के लिए चुने जाएंगे। 245 सदस्यीय राज्यसभा में भाजपा के पास वर्तमान में 97 सदस्य हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस इस साल जुलाई तक विपक्ष के नेता की अपनी स्थिति को खोने के करीब आ सकती है। तब उच्च सदन के लिए द्विवार्षिक चुनाव का एक और दौर होगा। आज के चुनाव में कांग्रेस को तीन सीटों - असम से दो और हिमाचल से एक, का नुकसान होना तय है। सेवानिवृत्त होने वालों में सदन में पार्टी के उपनेता आनंद शर्मा शामिल हैं, जो हिमाचल प्रदेश से चुने गए थे।


Tags:    

Similar News