3 साल में कितने तबादले: GAD ने विभागों से पूछा- 24 अगस्त 2019 से अब तक कितने तबादले हुए, एक दिन में मंगाई जानकारी

Update: 2022-07-08 12:53 GMT

रायपुर। राज्य के कर्मचारियों की मांग को देखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने तीन साल में हुए तबादलों की जानकारी मांगी है। सामान्य प्रशासन विभाग से सभी विभाग के एसीएस, प्रमुख सचिव, सचिव और स्वतंत्र प्रभार वाले विशेष सचिवों को बाकायदा चार्ट भेजकर एक ही दिन में जानकारी मांगी गई है। हालांकि फिलहाल सामान्य प्रशासन विभाग के अफसर तबादलों पर बैन हटाने की कवायद शुरू होने से इंकार कर रहे हैं।


सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों से 24 अगस्त 2019 से 30 जून 2022 तक किए गए तबादलों की जानकारी मांगी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 जून 2019 को स्थानांतरण नीति जारी की थी। इस दौरान जिले व राज्य स्तर पर स्थानांतरण के निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद स्थानांतरण पर प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि 24 अगस्त 2019 से 30 जून 2022 तक की स्थिति में सीएम के अनुमोदन के बाद अधिकारी कर्मचारियों के तबादले किए गए थे।

राज्य के अधिकारी कर्मचारियों की ओर से ट्रांसफर पर बैन हटाने के लिए लगातार मांग की जा रही है। इस संबंध में गुरुवार को कैबिनेट की मीटिंग के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने जानकारी मांगी थी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागों से जानकारी मांगी है। चर्चा है कि विभागों से जो जानकारी आएगी, उसके आधार पर यह तय किया जाएगा कि कितनी संख्या में तबादले हुए हैं और नए सिरे से तबादले की जरूरत है या नहीं। हालांकि विधानसभा सत्र के बाद ही इस पर फैसला हो पाएगा।

Tags:    

Similar News