सड़क किनारे खड़े थे बाराती... तभी नशे में धुत्त ट्रेलर चालक ने बारातियों को रौंद डाला, चार की मौत, तीन घायल

Update: 2021-11-15 08:23 GMT

नईदिल्ली 15 नवम्बर 2021. राजस्थान के भीलवाड़ा में रविवार शाम करीब छह बजे कुराडिया हाईवे टोल के पास एक ट्रेलर ने चार बारातियों को कुचल दिया। जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 3 लोग और घायल हुए हैं। हादसे से गुस्साये लोगों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर उसकी जोरदार पिटाई कर डाली। बारातियों को चपेट में लेने के बाद ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। हादसे में आधा दर्जन वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। 

पुलिस के अनुसार, हनुमानगर थाना क्षैत्र के कुराडियां ग्राम में टोल नाके के पास शंकर लाल मीणा की रविवार शाम दो बेटियों की शादी होने वाली थी। एक बारात मनोहरगढ़ और दुसरी सरसियां गांव से आई थी। मनोहरगढ़ से आई बारात के लोग सड़क किनारे खड़े थे कि देवली की ओर से आ रहे एक बेकाबू ट्रेलर ने पहले टोल नाके पर खड़ी एक कार को अपनी चपेट में लिया। उसके बाद सड़क किनारे खड़े 4 बा‍रा‍तियों को कुचलते हुए सड़क से नीचे उतर गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि हादसे में मनोहरगढ़ गांव के 16 साल के नीरज मीणा और 14 साल के कुलदीप, बूंदी जिले के उमर गांव के 18 साल के मनोज मीणा और लुहारी खुर्द गांव के 18 साल के राजेन्‍द्र मीणा की मौके पर मौत हो गई। हादसे में ट्रेलर ड्राइवर राजू सहित मनोहरगढ़ गांव के विनोद मीणा, राहुल मीणा और प्रकाश मीणा घायल हो गए। जिन्‍हें इलाज के लिए देवली अस्‍पताल में भर्ती करवाया गया है।ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रेलर ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। इस हादसे से कुराडि़या ग्राम में मातम पसर गया। हनुमानगर थानाधिकारी मोहम्‍मद इमरान ने बताया कि सभी 4 शवों को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकालकर जहाजपुर अस्‍पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

Similar News