Professor Pramotion 2025: सहायक प्राध्यापकों को प्रमोशन की सौगात, अब छत्तीसगढ़ का कोई कॉलेज प्राचार्य विहीन नहीं रहेगा, लंबे समय से 200 कॉलेज प्रभारी के भरोसे...

Professor Pramotion 2025: छत्तीसगढ़ में अब कोई भी कॉलेज प्राचार्य विहीन नहीं रहेगा। जल्द ही सभी को रेगुलर प्राचार्य मिल जाएंगे। हायर एजुकेशन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि नए शिक्षा सत्र से सारे कालेजों में नियमित प्राचायों की पोस्टिंग हो जाएगी।

Update: 2025-04-25 07:11 GMT
Professor Pramotion 2025: सहायक प्राध्यापकों को प्रमोशन की सौगात, अब छत्तीसगढ़ का कोई कॉलेज प्राचार्य विहीन नहीं रहेगा, लंबे समय से 200 कॉलेज प्रभारी के भरोसे...
  • whatsapp icon

Professor Pramotion 2025: रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक प्राध्यापकों का सालों से प्रमोशन नहीं हुआ था। जबकि 452 पदों की स्वीकृति काफी पहले मिल चुकी थी। 2018 में पदोन्नति की प्रक्रिया प्रारंभ हुई तो मामला हाई कोर्ट चला गया। 2023 में कोर्ट से क्लियरेंस मिला तो डीपीसी फाइलों में अटकी रहीं।

नए उच्च शिक्षा सचिव डॉ0 एस भारतीदासन और आयुक्त संतोष देवांगन ने इसे प्रायरिटी देते हुए अंजाम तक पहुंचा दिया है। बता दें, 452 पदों के लिए डीपीसी हुई, जिसमें 369 सहायक प्राध्यापक प्रमोशन के लिए उपयुक्त पाए गए। पीएससी से अगले हफ्ते इनकी लिस्टिंग कंप्लीट हो जाएगी। उसके बाद उच्च शिक्षा विभाग प्रमोशन के साथ पोस्टिंग आदेश जारी कर देगा।

335 सरकारी कॉलेज

छत्तीसगढ़ में 335 सरकारी कालेज हैं। इनमें स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों शामिल हैं। 335 में से करीब 200 कॉलेजों में इस समय प्राचार्य नहीं हैं। ये सभी कॉलेज प्रभारी के भरोसे चल रहे हैं। 369 प्राध्यापकों की पोस्टिंग के बाद इन सभी कॉलेजों में रेगुलर प्राचार्य मिल जाएंगे। प्राचार्य के लिए प्रोफेसर के तौर पर तीन साल का अनुभव की आवश्यकता होती है। इन प्रोफसरों को 2016 से सीनियरिटी मिलेगी। याने अनुभव का रोड़ा नहीं आएगा।

हर विधानसभा सत्र में सवाल

सरकारी कालेजों में प्राचार्यों के रिक्त पदों को लेकर विधानसभा के हर सत्र में सवाल आता था और जवाब मिलता था पद खाली है, भर्ती की प्रक्रिया जारी है। मगर अब विधानसभा में ये सवाल नहीं लगेगा। ये अलग बात है कि इन कालेजों में सैकड़ों की संख्या में सहायक प्राध्यापकों के पद खाली हैं।

मुख्यमंत्री की समीक्षा आज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम छह बजे उच्च शिक्षा विभाग का रिव्यू करने जा रहे हैं। समझा जाता है, समीक्षा बैठक में सहायक प्राध्यापकों के खाली पदों को भरने पर विचार किया जाए।

Tags:    

Similar News