बिरसा मुंडा पर समग्र: गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चक्रवाल ने लिखी बिरसा मुंडा पर रिसर्च बेस्ड किताब, शिक्षामंत्री ने किया विमोचन

संसद भवन परिसर में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया विमोचन।

Update: 2022-04-05 16:05 GMT

बिलासपुर, 05 अप्रैल 2022। बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित प्रो. आलोक चक्रवाल की किताब का मंगलवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने संसद भवन परिसर में विमोचन किया। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. चक्रवाल ने बिरसा मुंडा पर शोध के बाद 30 अलग-अलग लेखों को शामिल कर यह समग्र पुस्तक तैयार की है। इसमें बिरसा मुंडा के संपूर्ण व्यक्तित्व को चित्रित करने की कोशिश की गई है। इस अवसर पर शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि स्वाधिनता आंदोलन के नायकों के कृतित्व से रूबरू कराने में ऐसे प्रयास मददगार साबित होंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने अनसंग हीरोज को आगे लाने पर जोर दिया है। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग की ओर से चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस तरह के कार्यक्रम से हम चाहते हैं कि आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने भाग लिया है, जिनको आज तक वो सम्मान नहीं मिल पाया, उन्हें आगे लाएं और उनके बारे में देश की आने वाली पीढ़ी को बताने का काम करेंगे। प्रो. चक्रवाल ने बताया कि बिरसा मुंडा के संबंध में अल्प साहित्य होने की वजह से रिसर्च कराया गया। करीब 30 अलग-अलग लेखों को मिला कर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा यह संकलित पुस्तक प्रकाशित कराई गई है, जिससे लोगों को श्री भगवान बिरसा मुंडा के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी हो सके।

Tags:    

Similar News