पूर्व गृहमंत्री पर ईडी का शिकंजा, पीए और पीएस देर रात गिरफ्तार…. वकील ने किसी और दिन पेशी की मांग की

Update: 2021-06-26 03:10 GMT

मुंबई 26 जून 2021. ईडी ने आज महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख से पूछताछ के लिए समन भेजा. इसके पहले देर रात देशमुख के पीए कुंदन शिंदे और पीएस संजीव पलांडे को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया. संजीव पलांडे लगभग 20 सालों से बड़े नेताओं के साथ काम कर रहे हैं. वो इस बार देशमुख के साथ पर्सनल सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रहे थे. मार्च के महीने में मुम्बई पुलिस के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक खत लिखकर शिकायत की थी कि वो पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाझे के माध्यम से पैसों की वसूली करवा रहे हैं.

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में अनिल देशमुख के पीए कुंदन शिंदे और पीएस संजीव पलांडे को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को ईडी आज कोर्ट में पेश भी कर रही है. वहीं, माना जा रहा है कि ईडी अनिल देशमुख पर भी शिकंजा कस सकती है. संजीव पलांडे देशमुख के साथ पर्सनल सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रहे थे.

आज महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को नोटिस भेजकर पेश होने को आदेश दिया, लेकिन अनिल देशमुख के वकील प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय पहुंचे और एजेंसी के सामने पेशी के लिए किसी और दिन की मांग की. अनिल देशमुख के वकील जयवंत पाटिल ने कहा कि देशमुख सर आज पूछताछ के लिए नहीं आएंगे क्योंकि ईडी को केस के बारे में जो जानकारी चाहिए थी वो डॉक्यूमेंट हमें अभी तक नहीं दी गई है, इसके लिए हमने उन्हें एक पत्र लिखा है और डॉक्यूमेंट देने की मांग की ताकि हम उसके हिसाब से लिखित जानकारी जमा कर सकें.

बता दें, ईडी ने शुक्रवार को पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के नागपुर और मुंबई स्थित आवासों पर छापेमारी की थी. इसके अलावा उनके निजी सहायक संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे के मुंबई स्थित आवासों की भी ईडी ने तलाशी ली थी. बता दें, 100 करोड़ उगाही मामले को लेकर ईड़ी पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख और उनके दो सहायक संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे के खिलाफ पूछताछ कर रही है.

गौरतलब है कि, मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर सौ करोड़ की उगाही के आरोप लगाए थे. जिसके बाद सीबीआई ने बॉम्बे हाइ कोर्ट के आदेश पर इसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया था और प्रारंभिक जांच भी की थी. इसके बाद ईडी में मामला दर्ज किया गया. सीबीआई की प्राथमिकी के बाद ही ईड़ी ने देशमुख, पलांडे और शिंदे के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया.

इधर, ईडी की छापेमारी के बाद महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने खुद को निर्दोश बताते हुए कहा कि सच्चाई जल्द ही लोगों के सामने आएगी. उन्होंने ये भी कहा कि वो ईडी को जांच में पूरा सहयोग करेंगे. वहीं, बीजेपी का कहना है कि, संजीव पलांडे और कुंदन शिंदे की गिरफ्तारी के बाद अब जल्द ही अनिल देशमुख हो भी ईडी द्वारा गिरफ्तार कर लिए जाएंगे.

Tags:    

Similar News