दुपट्टा बना फांसी का फंदा… बाइक की चेन में ओढ़नी फंसी, चलती बाइक से गिरने से महिला की मौत… ऐसी लापरवाही पड़ सकती है भारी
जमशेदपुर 10 सितम्बर 2021. पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव दोमुहानी पुल के पास महिला रानी कर्मकार की मौत हो गई। महिला अपने पति महेंद्र कुंभकार के साथ बाइक पर कपाली स्थित मायके से पोटका के कालिकापुर अपने ससुराल जा रही थी। दोमुहानी पुल के पास महिला की ओढ़नी बाइक की चेन में फंस गई जब तक वह कुछ समझ पाती, बाइक से अनियंत्रित होकर सिर के बल सड़क पर गिर गई। महिला को गंभीर हालत में तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
रानी कुंभकार (25 वर्ष) पति महेंद्र कुंभकार अपने दो बच्चों के साथ कपाली से पोटका के कलिकापुर स्थित ससुराल जा रही थी. इसी दौरान यह घटना घटी. मृतक के रिश्तेदार घनश्याम कुंभकार के अनुसार, महेंद्र और रानी कपाली से पोटका के लिए निकले थे. मरीन ड्राइव रोड में पत्नी का दुपट्टा बाइक के चेन में फंस गया. पहले तो दुपट्टा फांसी के फंदे की तरह गर्दन में लिपट गया. फिर उसके बाद झटका खाकर पत्नी जमीन पर गिर गयी. रानी ने हेलमेट पहन रखी थी, लेकिन जमीन पर गिरने के दौरान हेलमेट खुल कर पहले ही गिर गया. जिससे रानी सिर के बल जमीन पर गिरी और उसे गंभीर चोट लगी. घायल अवस्था में पति ने सड़क से गुजर रही एक महिला कार सवार की मदद से पत्नी और बच्चों को लेकर TMH पहुंचे जहां डॉक्टरों ने रानी को मृत घोषित कर दिया. शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया. देर शाम का अंतिम संस्कार भुइयांडीह बर्निंग घाट में किया गया.
बाइक में पति-पत्नी के साथ उनकी 5 वर्षीय बेटी और डेढ़ वर्षीय एक बेटा भी था. बाइक पलटने से दोनों बच्चे और पति को भी चोटें आयी जिसमें डेढ़ वर्षीय बेटे को ज्यादा चोट लगने पर उसे TMH में इलाज के लिए भर्ती किया गया. फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है. मृतक रानी कुंभकार के पति महेंद्र कुंभकार का पोटका के कलिकापुर में मनिहारी की दुकान है. कलिकापुर में और कपाली दोनों जगह अपना मकान भी है. वहीं, रानी का कपाली में मायका है.