चाय पर चर्चा: अरसे बाद हुई मुलाक़ात.. डॉ रमन सिंह और राज्यपाल रमेश बैस की.. बोले डॉ रमन – “राज्यपाल जी के घर चाय पीने गया था”
रायपुर,4 जुलाई 2021। सूबे की सियासत में भाजपा के भीतरखाने दो अलग ध्रुव की तरह देखे गए शख़्स पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और मौजुदा समय त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस अगर एक साथ नुमाया हो और राजनीति में हमेशा उछाल लाने वाली “चाय पर चर्चा” हुई हो तो मीडिया की नज़रें भला क्यों ना टिकेंगी और क़यास क्यों ना लगें।
यही हुआ भी, डॉ रमन सिंह रमेश बैस के निवास के पास वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर निकल ही रहे थे कि अचानक राज्यपाल रमेश बैस त्रिपुरा से पहुँचे।लोग तब चकित रह गए जब डॉ रमन सिंह ने अचानक कारकेट रुकवाया और राज्यपाल रमेश बैस के घर चले गए।
क़रीब तीस मिनट घर के भीतर सूबे के दोनों दिग्गजों के बीच चर्चा होती रही, बाहर केवल क़यास लगाए जाते रहे कि आख़िर चर्चा क्या हो रही है, और क्या यह बस “संयोग” है या “सियासती संयोग” हैं।
बहरहाल क़रीब तीस मिनट बाद डॉ रमन सिंह बाहर आए, उनसे सवाल हुआ
“मुलाक़ात हुई क्या बात हुई”
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह मुस्कुराए और उन्होंने कहा
“भई, देखो मैं चाय पीने गया था.. चाय पर चर्चा तो होती है.. राज्यपाल हैं वे.. मिलने गया था”
राजनीति में रुचि रखने वालों के लिए “चाय पे चर्चा” के मायने मुकम्मल होते हैं। इस देश ने चाय पे चर्चा के बाद केंद्र की सरकार को गिरते देखना दर्ज किया है और चाय पे चर्चा के बाद भाजपा में मोदी युग को आते देखा है। अब यदि चाय पे चर्चा हो रही हो तो उसे सहज रुप से कैसे लिया जा सकता है।
वैसे भी सियासत में “चर्चा पर्चा और खर्चा” अनिवार्य है, तो फ़िलहाल चर्चा और शिगुफों का दौर शुरु हो गया है।