दो बच्चों की मौत : खेल-खेल में बच्चों की कुएं में गिरकर हुई मौत … घटना के काफी देर बाद घरवालों को हुई घटना की जानकारी… पूरा गांव गम में डूबा

Update: 2020-10-12 00:47 GMT

पिथौरा 12 अक्टूबर 2020। कुएं में डूबने से दो मासूमों की मौत हो गयी। घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के कारागुला की बतायी जा रही है। जानकारी के मुताबिक चार साल का कुणाल दीवान और 3 साल के चेतन ठाकुर अपने घर के बाहर खेल रहा था, इसी दौरान वो दोनों पास के बाड़ी बने डबरी में गिर गये जहां दोनों की मौत हो गयी।

जानकारी के मुताबिक घर के बाहर खेल रहे बच्चे जब काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो घरवालों ने खोजबीन शुरू की, इस दौरान दोनों बच्चों का कुछ भी पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद जब लोगों ने कुंएनुमा डबरी का रूख किया तो कुएं में डूबी हुई दोनों की लाश ग्रामीणों ने निकाली।

इधर घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। आशंका है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते उस कुएं में गिरे होंगे, जिसमें डूबकर दोनों की मौत हो गयी। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है। घटना दोपहर बाद की है, लेकिन लोगों को घटना की जानकारी शाम 4 बजे के बाद हुई।

Similar News