Raipur News: रायपुर के कैफे में चल रही थी चंगाई सभा, बोले-धर्म बदलोगे तो मिलेगी नौकरी और इलाज... चार गिरफ्तार...
Raipur News: छत्तीसगढ़ के एक कैफे में चल रही चंगाई सभा में जमकर हंगामा हुआ। हिंदू संगठन के लोगों ने सभा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर के एक कैफे में कुछ लोगों के द्वारा चंगाई सभा का आयोजन किया गया था। इसकी जानकारी जैसे ही हिंदू संगठन को हुई तो जमकर बवाल हुआ। संगठन ने आरोप लगाया कि चंगाई सभा में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर लोगों को धर्म बदलने का दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही धर्म परिवर्तन करने पर नौकरी और मुफ्त में उपचार देने का लालच दिया जा रहा था।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, ये पूरा मामला सिविल लाइन क्षेत्र के डिवाइन कैफे का है। कैफे के उपर कुछ कमरे और हाॅल बने हैं, जिसे किराए पर दिया जाता है। पुलिस के मुताबिक, चंगाई सभा का आयोजन करने हॉल को किराए पर लेकर किया गया था। इसी हॉल में चंगाई सभा चल रही थी।
इधर, जैसे ही सभा की जानकारी हिंदू संगठन के लोगों को हुई तो वे बड़ी संख्या में कैफे पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को शांत कराया गया। हिंदू संगठन के सदस्यों की शिकायत पर पुलिस ने आयोजक समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। साथ ही कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें सैफीन, आमीन, उदय और श्रीकांत शामिल है।
हिंदू संगठन के लोगों ने आरोप लगाया है कि सभा में 150 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। सैफिन मसीह, अमीन, जैकब, श्रीकांत मनहर और उइय प्रसाद चंगाई सभा में धर्मांतरण कराने का काम कर रहे थे। हिंदू संगठन ने आरोप लगाया है कि सभा में शामिल लोगों ने ईसाई धर्म को सबसे बड़ा धर्म बताया और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया।
इधर, पुलिस के आते ही आयोजक फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने हिंदू संगठन की शिकायत पर अपराध दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने NPG.News को बताया कि हिंदू संगठनों ने धर्मांतरण को लेकर शिकायत की थी। मामले में चार लोगों को पकड़ा गया है, आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है।