Kabirdham News: सीजी में नंदी महाराज की मूर्ति खंडित का वीडियो वायरल, पुलिस ने बयान जारी कर दी चेतावनी, कहा...
Kabirdham News: छत्तीसगढ़ में नंदी महाराज की मूर्ति खंडित किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर कबीरधाम पुलिस ने अपना बयान जारी किया हे। साथ ही वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कड़ी चेतावनी भी जारी की है।
Kabirdham News: कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से नंदी महाराज की मूर्ति खंडित करने को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर अब जिले की पुलिस ने अपना बयान जारी किया है। बयान जारी कर घटना को फर्जी और वीडियो वायरल करने वालों को कड़ी चेतावनी पुलिस ने दी है।
जानिए पुलिस ने क्या कहा
ग्राम बैजलपुर (कोको), थाना पिपरिया जिला कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत नंदी महाराज की मूर्ति खंडित किए जाने संबंधित खबर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। समाचार और वीडियो पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन व फर्जी है। वायरल किया गया वीडियो में घटना को किसी अन्य तरीके से दिखाने का प्रयास किया गया, जिससे कि सामाजिक सौहार्द्र बिगड़े और कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित हो रही और ऐसे भ्रामक आशय से प्रसारित किया जा रहा है, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
पुलिस ने वीडियो को लेकर बताई सच्चाई
पुलिस ने कहा कि वीडियो की वास्तविकता यह है कि गांव में बच्चों द्वारा क्रिकेट खेलने के दौरान दुर्घटनावश नंदी महाराज की मूर्ति खंडित हुई। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा पंचनामा तैयार किया गया है तथा संबंधित व्यक्तियों के कथनों के आधार पर तथ्य की पुष्टि की गई है। यह घटना किसी भी प्रकार की दुर्भावनापूर्ण या जानबूझकर की गई कार्रवाई नहीं है।
बिना सत्यापन के इस प्रकार की गलत जानकारी/समाचार एवं फर्जी वीडियो का प्रसार सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न कर सकता है। इस तरह की गतिविधियां गंभीर श्रेणी की लापरवाही मानी जाती हैं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती हैं।
कबीरधाम पुलिस द्वारा स्पष्ट चेतावनी दी जाती है कि यदि कोई व्यक्ति, समूह अथवा समाचार/सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जानबूझकर भ्रामक सूचना या फर्जी वीडियो का प्रचार-प्रसार करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी नागरिकों से अपील है कि वे सामाजिक सौहार्द बनाए रखें, किसी भी अपुष्ट समाचार या वीडियो पर विश्वास न करें तथा बिना सत्यापन के उसे साझा न करें। इस प्रकार की भ्रामक सामग्री की सूचना निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।