CG Opium News: तस्करों पर सर्जिकल स्ट्राइक...छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड के आरोपी कर रहे थे अफीम की खेती, उखाड़ी गई 4.75 करोड़ की अफीम, 7 आरोपी गिरफ्तार

CG Opium News: छत्तीसगढ़ के बलरामुपर जिले में अफीम की खेती करने वालों पर पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। 4.75 करोड़ की अफीम के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

Update: 2026-03-12 08:22 GMT

CG Opium News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जीरो टाॅलरेंस नीति के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। थाना कुसमी के ग्राम त्रिपुरी (घोसराडांड) में 4.75 करोड़ की अफीम की खेती पकड़ी। आरोपियों के द्वारा करीब 3.67 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती की जा रही थी।

थाना कुसमी क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में अवैध रूप से की जा रही मादक पदार्थ अफीम की खेती के मामले में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी हैं-

1. रूपदेव राम भगत पिता ठाकुर राम उम्र 50 वर्ष, ग्राम त्रिपुरी सरनाटोली कुसमी जिला बलरामपुर,

2. कौषिल भगत पिता रूंगहू (रूंघू) राम उम्र 30 वर्ष ग्राम त्रिपुरी माचाडीपा कुसमी जिला बलरामपुर,

3. मनोज कुमार पिता सीता यादव उम्र 24 वर्ष ग्राम सोमया थाना बारा़चट्टी जिला गया बिहार,

4. जिरमल मुण्डा पिता बुधन राम मुण्डा उम्र 56 वर्ष ग्राम भगचन्द थाना आस्ता जिला जशपुर

5. उपेन्द्र कुमार पिता रामचन्द्र यादव उम्र 27 वर्ष ग्राम सोमया थाना बारा़चट्टी जिला गया बिहार

6. विन्देष्वर पिता कमर गंजहू उम्र 45 वर्ष जाति गंजहू सा. कोलवा थाना जोरी जिला चतरा झारखंड

7. कृष्णा सिंह पिता महादेव सिंह साकिन कुराग, थाना आस्ता जिला जशपुर छ.ग.

पुलिस ने आधिकारिक रूप से बताया है कि थाना प्रभारी कुसमी को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम त्रिपुरी घोसराडांड़ में कुछ व्यक्तियों के द्वारा रूपदेव भगत एवं कौसिल भगत के खेत में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती की जा रही है। मुखबिर से प्राप्त सूचना की तस्दीकी हेतु पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी, थाना प्रभारी कुसमी के द्वारा एस.एफ.एल., प्रशासन एवं अन्य संयुक्त टीमों ने वहां का निरीक्षण किया तो अवैध रूप से अफीम का खेती होना पाया गया। वहां कुछ व्यक्ति उपस्थित मिले जो अफीम की खेती का रखवाली करते पाये गये जिनसे नाम पता पूछने पर अपना नाम 01.रूपदेव राम भगत, 02. कौसिल भगत, 03. मनोज कुमार, 04 जिरमल मुण्डा, 05. उपेन्द्र कुमार, 06. विन्देश्वर, 07 कृष्णा सिंह नाम होना बताया गया।

परीक्षण पर अवैध मादक पदार्थ अफीम का होना पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत विवेचना/कार्रवाई शुरू की गई। संदेहियों के कब्जे में लगे अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती का अवैध मादक पदार्थ पहचान पंचनामा तैयार कर अफीम के जड़ तना पत्ती फूल- फल सहित उखाड़ दिया गया। साथ ही खेत में पडे़ दो डब्बा में आधा-आधा भरा हुआ अफीम का लासा व चार बड़ा बोरी व एक छोटा बोरी में सूखे फल की विधिवत बरामदगी की गई।

बरामद अवैध मादक पदार्थ अफीम को जड़ तना, फूल पत्ती फल के साथ विधिवत तौल कराया गया जो कुल 4344.569 किलोग्राम कीमत करीब रूपये 4,75,00,000 रुपये का होना पाया गया है। आरोपियों का कृत्य अपराध धारा सदर 8,18 एन.डी.पी.एस. एक्ट का होना पाए जाने पर उपरोक्त सातों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में एंड टू एंड विवेचना कार्यवाही जारी है। मामले में फाइनेंसियल गतिविधियों की जांच भी की जा रही है।

रिकॉर्ड में खेत पड़ती भूमि दर्ज

जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिपुरी में जांच के बाद कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जानकारी दी है कि जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिपुरी गांव में 10 मार्च 2026 को मुखबिर से अफीम की खेती की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर अवैध अफीम की खेती को कब्जे में लेकर भूमि का सीमांकन किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि 1.488 हेक्टेयर(3.67 एकड़) में खेती की जा रही थी, जिसके रिकार्ड का अवलोकन किया गया। जिसमें डीसीएस सर्वे में उक्त भूमि पड़ती के रूप में दर्ज है।

उक्त भूमि पर खेती नहीं होने के कारण रबी की गिरदावरी नहीं की गई है। प्रशासन, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम के द्वारा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की उपस्थिति में एनडीपीएस के प्रावधानों के तहत परीक्षण कर जब्ती की कार्यवाही की गई।

पुलिस ने ग्रामीणों से मांगी सूचना

कलेक्टर कटारा ने बताया कि जिले में राजस्व, पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले की सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जिले की समस्त भूमि का चिन्हांकन कर विधिवत सघन जांच करते हुए गहन परीक्षण किया जा रहा है। यदि किसी भूमि पर अफीम की खेती पाये जाने पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर कटारा ने आमजनों से अपील की है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में अफीम या मादक पदार्थों के खेती की जानकारी मिलती है तो तत्काल जिला एवं पुलिस प्रशासन को सूचना दें, जिस पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा है कि सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।

Similar News