GATE Exam Nakal: CG में GATE परीक्षा में हाईटेक नकल, हरियाणा से पहुंचे थे छह आरोपी ब्लूटूथ डिवाइस से उत्तर बताने, फिर ऐसे धरे गए
GATE Exam Nakal: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीएटीई परीक्षा में नकल करवाने पहुंचे गैंग के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा में अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस से उत्तर बताने पहुंचे थे। पकड़े गये आरोपी हरियाणा के रहने वाले है।
GATE Exam Nakal: रायपुर। रायपुर में जीएटीई की परीक्षा में हाईटेक नकल का भंडाभोड़ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने किया है। थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुये जीएटीई परीक्षा में नकल करवाने आए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपी परीक्षा हाॅल के बाहर खड़े होकर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से अन्दर बैठे अभ्यर्थी को उत्तर बताने पहुंचे थे। आरोपी अपनी योजना में सफल हो पाते, इससे पहले ही पुलिस ने इन्हें धार-दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने नक़ल के बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम ली थी।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से परीक्षार्थियों के लिए नकल कराने की योजना बनाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल , डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा, एसीपी पुरानी बस्ती और क्राइम के नेतृत्व में थाना डीडी नगर व एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा परीक्षा केंद्र के आसपास गोपनीय निगरानी रखी गई थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम ने परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल जोन सरोना के पास कुछ संदिग्ध युवकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ व तलाशी लेने पर उनके पास नकल कराने के लिए लाये गए उपकरण मिले, जिसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
चौकाने वाले खुलासे
पूछताछ में आरोपियों द्वारा परीक्षा हॉल के अन्दर बैठे अपने साथियों का नाम बताये। पुलिस ने बिना देरी किये परीक्षार्थियों के संबंध में परीक्षा केंद्र से संपर्क कर उन्हें भी पकड़ा और उनकी तलाशी ली गई। आरोपियों के कब्जे से ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिली।
ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से बाहर बैठा आरोपी बताने वाला था उत्तर
आरोपी ने बताया कि ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षा केंद्र में बैठे अभ्यर्थी द्वारा प्रश्न को पढ़े जाने से केंद्र के बाहर बैठे साथी गूगल सर्च कर प्रश्नों के उत्तर बताने वाला था l पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को विशेष इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उपलब्ध कराए थे। परीक्षा के दौरान बाहर बैठा सहयोगी प्रश्न प्राप्त कर उनके उत्तर तैयार करता था और ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से परीक्षार्थी तक पहुंचाता था। इसके बदले आरोपियों द्वारा अभ्यर्थियों से मोटी रकम ली जाती थी।
थाना डीडी नगर में अपराध 112/ 2026 धारा 318(2) ,61(2)bns , 66 IT act 10(1), लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर गिरफ़्तारी कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया l
आरोपियों से जब्त सामान
- 03 नग ब्लूटूथ ईयर डिवाइस (सूक्ष्म/छिपाने योग्य)
- 04 नग ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
- 08 नग मोबाइल फोन
- 03 नग सिम कार्ड
- अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
- नकल कराने से संबंधित सामग्री
गिरफ्तार आरोपी
1. दर्शन सहवाग पिता सुरेन्द्र सहवाग, उम्र 26 साल, साकिन छुडानी बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा l
2. सुमित सहवाग पिता जय भगवान, उम्र 30 साल, पता छुडानी थाना बादली तहसील बहादुरगढ़ जिला झज्जरl
3. लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की पिता ओमप्रकाश वर्मा, उम्र 36 साल, पता भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा l
4. अमर पिता सुभाषचन्द्र, उम्र 32 साल, ग्राम भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा l
5. नरेंद्र कुमार पिता सुभाषचन्द्र, उम्र 29 वर्ष, ग्राम निगानी खेड़ा तहसील व थाना सदर हिसार जिला हिसार हरियाणा l
6. बंटी कुमार पिता शंकर लाल, उम्र 38 साल, पता ग्राम भुना थाना भुना जिला फतेहाबाद हरियाणा l