Dhamtari News: पति-पत्नी की लाश, लक्ष्मी पूजा के दिन पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी लगा ली फांसी, स्टेटस में लिखा-सास-ससुर...
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी में पति-पत्नी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पति-पत्नी की लाश कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।
दरअसल, 20 अक्टूबर की रात 11 बजे, ग्राम हरदी निवासी लक्ष्मी यादव (उम्र 20 वर्ष) अपने पति हितेश यादव (उम्र 22 वर्ष) के साथ अपने घर के कमरे में सोने गई थी।
अगली सुबह 21 अक्टूबर को लगभग 7 बजे, जब दोनों दरवाजा नहीं खोल रहे थे, तो मृतका के जेठ गितेश्वर यादव ने आवाज लगाई और अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर सीढ़ी लगाकर कमरे के वेंटिलेशन से झाँका। अंदर देखा तो लक्ष्मी यादव का शव ज़मीन पर पड़ा हुआ था तथा पति हितेश यादव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। परिजनों द्वारा तुरंत दरवाजा खोलकर दोनों को नीचे उतारा गया, तब तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।
घटना करेली बड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। घटना की जानकारी मिलते ही करेली बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच में पता चला है कि मृतक हिम्मत यादव ने घटना के दौरान एक स्टेट्स भी शेयर किया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की थी।
मृतक हिम्मत यादव ने स्टेट्स में लिखा...
''मैं हिम्मत यादव मैने अपनी पत्नी लक्ष्मी यादव को जान सहित मार दिया हूँ। कारण कुछ नहीं बस मेरे पत्नी लक्ष्मी यादव के मां बाप की वजह से मारा मारा हूँ और मैं खुद भी फांसी लगा कर जान दे रहा हूँ...''
फिलहाल क्या विवाद था और किन परिस्थियों में हिम्मत यादव ने यह आत्मघाती कदम उठाया। इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं, एक ही परिवार में बेटे और बहू की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले में आगे की जांच कार्रवाई की जा रही है। धमतरी पुलिस मृतक के सास-ससुर से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।