15 राउंड फायरिंग...कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, राजधानी पटना में दहशत
Patna News: राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्यापुर में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। इससे इलाके में दहशत फैल गई।
Patna Maner Firing News: राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्यापुर में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई है। इससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर हुई। यहां 15 राउंड फायरिंग की गई है। घटना शुक्रवार रात 9 बजे के करीब की बताई जा रही है।
दो गोतिया पक्षों के बीच चल रहे जमीनी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। फिर फायरिंग शुरू हो गई।
दो की हालत गंभीर
घटना में राजेंद्र सिंह के बेटे पप्पू, दिवंगत भूपेंद्र सिंह के बेटे मनीष उर्फ गुड्डू और नीतीश उर्फ बबलू घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मनीष और नीतीश को एम्स में भर्ती कराया गया है। पप्पू को दानापुर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई है।
सभी आरोपी फरार
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश ने बताया कि शुक्रवार देर शाम आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना संज्ञान में आई है। तीन लोग घायल हुए हैं। पूरे मामले की जांच चल रही है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
ये हैं आरोपी
परिजनों ने मुकेश, दिवंगत सतेंद्र के बेटे दीपक और प्रिंस समेत अन्य लोगों पर फायरिंग करने, तलवार, लाठी और रोड़ेबाजी से हमला करने का आरोप लगाया है। हमलावरों ने 15 राउंड गोलियां चलाईं थी।
छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष रजनीश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।