CG News: ACB-EOW की कार्रवाई, शराब घोटाला मामले में तीन और वाहन जब्त, अवैध शराब परिवहन में किया जाता था उपयोग...

CG News: छत्तीसगढ़ में चर्चित शराब घोटाला मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने तीन और वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब के परिवहन में किया जाता था।

Update: 2026-04-07 14:48 GMT

CG News: रायपुर। शराब घोटाला केस में छग डिसटलरीज प्रा. लिमि. कुम्हारी की तीन वाहनों को ब्यूरो की टीम ने जब्त किया है। इससे पहले एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम ने 16 वाहनों को जब्त किया था।

जानिए पूरा मामला

राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो रायपुर द्वारा शराब घोटाला प्रकरण में अपराध क्रमांक 04/2024, धारा 7, 12 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 यथा संशोधित अधिनियम, 2018 तथा धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी भा.दं.वि. दर्ज है। मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व में वेलकम डिस्टलरी, कोटा जिला बिलासपुर तथा भाटिया वाइंस डिस्टलरी, सरगांव जिला मुंगेली से 16 वाहन जब्त किए गए थे ।

विवेचना क्रम में छग डिस्टलरी दुर्ग के 3 वाहनों को और जब्त किया गया है। इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब (पार्ट-बी) के परिवहन में किया जाता था। जाँच में यह पाया गया है कि अवैध शराब का परिवहन डिस्टलरियों से सीधे चयनित शासकीय देशी शराब दुकानों तक कराया जाता था। इस कार्य के लिए कुछ निर्धारित वाहनों का बार-बार उपयोग किया गया था। जांच में प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर ऐसे वाहनों की डिस्टलरीवार पहचान की गई।

जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि छग डिस्टलरी दुर्ग में भी 3 वाहन के अतिरिक्त कुछ अन्य वाहनों का उपयोग किया गया, जिन्हें या तो स्क्रैप करा दिया गया या अन्य उपयोग में लाया जा रहा है। ऐसे वाहनों के स्वामित्व व उपयोग के संबंध में जांच जारी है। इस प्रकरण में ब्यूरो द्वारा आगे की विवेचना व आवश्यक वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी है।

Tags:    

Similar News