CG ACB News: BEO ऑफिस में ACB की दबिश, 40 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, रिटायर्ड प्रधान पाठक से भविष्य निधि की राशि निकलवाने के एवज में लिया घूस
CG ACB News: छत्तीसगढ़ एसीबी ने घूसखोर बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने काम कराने के एवज में रिटायर्ड प्रधान पाठक से रिश्वत लिया था।
CG ACB News: कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुये रिश्वतखोर बीईओ के बाबू को गिरफतार किया है। आरोपी बाबू भविष्य निधि की राशि निकलवाने के नाम पर सेवानिवृत्त प्रधान पाठक से 40 हजार की रिश्वत लिया था। इस दौरान रेड करने पहुंची एसीबी की टीम ने उन्हें घूस की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया है। खंड शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव में पदस्थ सहायक वर्ग-2 का नाम सतीश सोढ़ी है।
जानिए क्या थी शिकायत
पीड़ित सोनसिंह यादव, निवासी ग्राम हसलनार, जिला कोण्डागांव द्वारा एन्टी करप्शन जगदलपुर में शिकायत की गई थी कि वह दिसम्बर 2025 में प्रधान पाठक के पद से सेवानिवृत्त हुआ है। सेवानिवृत्ति उपरांत उसे भविष्य निधि की राशि कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव से प्राप्त होनी है, जिसके भुगतान हेतु कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव में पदस्थ सतीश सोढ़ी, सहायक वर्ग-2/ लेखापाल से मुलाकात किया था। इस दौरान बाबू द्वारा उक्त कार्य करने के एवज में 40,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन पश्चात् आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से सतीश सोढ़ी लेखापाल को 40,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
अंबिकापुर में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारी गिरफ्तार
शिकायतकर्ता रवि कुमार के द्वारा 20 जनवरी 2026 को आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है। वर्ष 2023 में हाउसिंग बोर्ड कार्यालय संभाग अम्बिकापुर से 65 लाख रूपये की लागत से नवीन तहसील भवन दौरा कुचली जिला बलरामपुर एवं वर्ष 2023 में 43.51 लाख रूपये की लागत से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुण्ड्रा के 6 अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का निविदा निकलने के उपरांत प्रार्थी के द्वारा निविदा भरा गया था व निर्माण कार्य कराया गया जो समय पर पूर्ण नहीं होने के कारण प्रार्थी के द्वारा विभाग में अंतिम समयावृद्धि व भवन के भौतिक सत्यापन हेतु आवेदन दिया गया था।
निर्माण पूर्ण होने के पश्चात् नवीन तहसील भवन दौरा कुचली जिला बलरामपुर के निर्माण कार्य का लगभग 28 लाख रूपये व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय लुण्ड्रा में 6 अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का लगभग 7.50 लाख रूपये का भुगतान छग गृह निर्माण मण्डल वृत्त अम्बिकापुर के द्वारा किया जाना था। दोनों कार्यों का भौतिक सत्यापन व अंतिम समयावृद्धि की अनुसंशा करने के एवज में उपायुक्त (अधीक्षण अभियंता) छग गृह निर्माण मण्डल वृत्त अम्बिकापुर पूनम चन्द अग्रवाल के द्वारा 1 लाख रूपये रिश्वत की मांग किया गया था।
प्रार्थी के शिकायत का सत्यापन कराया गया जिसमें आरोपी पूनम चन्द अग्रवाल के द्वारा दोनो कार्यों का 30-30 हजार रूपये के हिसाब से कुल 60,000 रुपये रिश्वत के रूप में लेने की सहमति दी गई। आज 5 फ़रवरी को ट्रेप कार्रवाई अयोजित किया जाकर प्रार्थी को रिश्वती रकम 60,000 रुपये लेकर आरोपी पूनम चन्द अग्रवाल को देने के लिये भेजा गया।
आरोपी के द्वारा कार्यालय कार्यपालन अभियंता छग गृह निर्माण मण्डल संभाग अम्बिकापुर जो उपरोक्त कार्यालय के बगल में स्थित है में पदस्थ वरिष्ठ सहायक ग्रेड-02 अनिल सिन्हा को देने के लिये कहा गया। जब प्रार्थी, वरिष्ठ सहायक ग्रेड-2 अनिल सिन्हा से जाकर मिला तो उनके द्वारा कहा गया कि उपायुक्त पूनम चन्द अग्रवाल के द्वारा आपसे 60,000 रूपये नहीं बल्कि 70,000 रुपये लेने के लिये कहा गया है, तब प्रार्थी के द्वारा बोला गया कि इसके अलावा मेरे पास कोई पैसा नहीं है तब वरिष्ठ सहायक ग्रेड-02 अनिल सिन्हा के द्वारा कहा गया कि जाईये कहीं से लेकर आईये कम से कम 65,000 रुपये तो देना ही पड़ेगा।
उक्त बात की जानकारी प्रार्थी के द्वारा ट्रेपदल को दी गई। पुनः प्रार्थी से अतिरिक्त 5000 रुपये लेकर पंचनामा तैयार किया जाकर उसे फिनाफ्थलीन पावडर लगे रिश्वती रकम 60,000 रुपये के साथ सम्मिलित कर कुल 65,000 रुपये रिश्वत देने हेतु वरिष्ठ सहायक ग्रेड-2 अनिल सिन्हा के पास भेजा गया। रिश्वती रकम 65000 रुपये प्राप्त कर एवं उसमें से अपने हिस्से का 5000 रुपये निकालकर उसे अपने टेबल की दराज में रख दिया। शेष रकम 60,000 रुपये को प्रार्थी के साथ उपायुक्त पूनम चन्द अग्रवाल को उसके कार्यालयीन कक्ष में जाकर दे दिया, जिसे उपायुक्त पूनम चन्द अग्रवाल के द्वारा प्राप्त कर उसे अपने टेबल में रखे मोबाइल स्टैण्ड से दबाकर टेबल में रखा था।
प्रार्थी के द्वारा इशारा किये जाने पर ट्रेपदल के सदस्यों के द्वारा उपायुक्त पूनम चन्द अग्रवाल से 60000 रुपये व वरिष्ठ सहायक ग्रेड-02 अनिल सिन्हा से 5000 रुपये बरामद कर जब्ती कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 7, 12 पीसीएक्ट 1988 (यथा संशोधन 2018) के तहत् कार्रवाई की गई।