Bilaspur Crime News: शूटर बुलवा भाई की हत्या करवाने वाले आरोपी को जमानत मिलने के कुछ ही दिनों बाद पुलिस ने दोबारा भेजा जेल...

Bilaspur Crime News: शहर के चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड के मुख्य आरोपी उसके भाई कपिल त्रिपाठी को तीन साल जेल में रहने के बाद सुप्रीम कोर्ट से हाल ही में जमानत मिली थी। जमानत मिलने के कुछ ही दिनों बाद उसे पुलिस ने अवैध वसूली और कर्जा एक्ट में जेल भेज दिया है।

Update: 2025-11-10 15:14 GMT

Bilaspur Crime News: बिलासपुर। अपने ही भाई की हत्या के मामले में जमानत पर छूटे हिस्ट्रीशीटर कपिल त्रिपाठी को पुलिस ने अवैध वसूली और कर्जा एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर अदालत के आदेश पर जेल भेजा गया है। इस मामले में एक आरोपी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के कंचना में रहने वाले सुमित सिन्हा ने अवैध वसूली की शिकायत की है। पीड़ित ने नवंबर 2024 में थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसने कपिल त्रिपाठी से रुपये उधार लिए थे। इसके बाद कपिल ने उससे मुंहमांगा ब्याज लिया। इस दौरान उसने प्रतिदिन के हिसाब से भी ब्याज लिया। हिस्ट्रीशीटर की प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने 2021 में ही शहर छोड़ दिया। इसके बाद वे रायपुर में जाकर रहने लगे। इसके बाद भी उनकी हरकतें बंद नहीं हुई। जब कपिल जेल में बंद था तो उसके गुर्गे अनिमेश शुक्ला ने सुमित के मोबाइल पर काल कर छह लाख रुपये की मांग करने लगा। रुपये नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। उसकी धमकियों से डरकर सुमित सीधे थाने पहुंचा। उसकी शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर अनिमेश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच कपिल अपने ही भाई संजू त्रिपाठी की हत्या के मामले में जेल में बंद था। तब उसकी गिरफ्तारी के लिए अनुमति नहीं मिल पाई थी। जब कपिल जमानत पर छूटा तब पुलिस ने उसे अवैध वसूली के मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

तीन साल जेल में रहकर आया है आरोपी, जमानत मिलने के कुछ ही दिनों में दुबारा भेजा गया जेल

कपिल त्रिपाठी और संजू त्रिपाठी शहर के कुख्यात अपराधी थे। उनके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। पहले दोनों भाई एक साथ मिलकर अपराध को अंजाम देते थे। फिर दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी। पहले संजू ने कपिल पर जानलेवा हमला किया था। जिसमें पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी थी फिर बाद में हटा ली। जिससे कपिल बौखलाया था और रंजिश बढ़ गई। इसी रंजिश में उसने बाहर से शूटर बुलाकर दिसंबर 2022 में अपने भाई की हत्या करवा दी थी। तत्कालीन एसएसपी पारुल माथुर और उनकी टीम ने कपिल और शूटरों को जेल भेजा था। करीबन तीन साल जेल में रहने के बाद हाल ही में कपिल को जमानत मिली थी। पर जेल से बाहर आने के कुछ ही दिनों बाद पुलिस ने उसे दूसरे पुराने मामले में जेल भेज दिया।

Tags:    

Similar News