Ambikapur Crime News: शराबी महिला से परेशान होकर पति और बेटी ने की पीट-पीटकर हत्या, दोनों गिरफ्तार
Ambikapur Crime News: शराबी महिला से तंग आकर पति और बेटी ने महिला को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। मामले में पुलिस ने महिला के पति और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराबी महिला की हत्या
Ambikapur Crime News: अंबिकापुर। शराबी महिला से तंग आकर पति और बेटी ने पीट-पीट कर महिला की हत्या कर दी। बेरहमी से मारपीट से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के पति और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र काहै।
अंबिकापुर के घुटरापारा निवासी दुर्गा हरि (44) नामक महिला को शराब पीने की लत थी। वह अक्सर घर से शराब पीने के लिए निकल जाती थी और नशे की हालत में घर से बाहर कहीं भी रुक जाती थी। महिला के शराब की लत के चलते महिला का पति और बेटी परेशान रहते थे। परिवार के अन्य सदस्य भी महिला से तंग आ गए थे। महिला के पति ने अपने ससुराल वालों को फोन कर महिला को मायके ले जाने के लिए कहा था। पर मायके वालों के पहुंचने से पहले ही 21–22 दिसंबर को दुर्गा हरि घर में किसी को बिना कुछ बताए निकल गई और वापस नहीं आई।
महिला की तलाश में जुटे उसके पति ने महिला के मायके नमन कला में भी फोन किया। पर पता चला कि महिला वहां नहीं पहुंची है। महिला की तलाश में पति जुटा ही था कि एक सप्ताह बाद अचानक 29 दिसंबर की शाम दुर्गा हरि घर वापस आ गई। वह शराब के नशे में धुत्त थी। इसकी जानकारी महिला के पति धन्नू हरि ने अपने ससुराल में दी। रात में एक सप्ताह तक बिना बताए घर छोड़ कर जाने और शराब पीकर वापस आने को लेकर विवाद हुआ।
शराबी महिला की हरकतों से तंग आकर पति धन्नू हरि और बेटी सोनामति ने दुर्गा हरि की बेदम पिटाई कर दी। मारपीट से दुर्गा बेहोश हो गई। रातभर वह घर में ही पड़ी रही। 30 दिसंबर की सुबह परिजन दुर्गाहरि को लेकर मिशन हॉस्पिटल पहुंचे। इलाज के दौरान दुर्गा ने दम तोड़ दिया।
वहीं मामले में महिला की मौत के बाद कोतवाली पुलिस ने महिला के पति धन्नू हरि और बेटी सोनामति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।