कांग्रेस को लगेगा बड़ा झटका…..पूर्व मुख्यमंत्री समेत 10 विधायक छोड़ेंगे पार्टी, कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही, नेतृत्व के समक्ष संकट को खतम करने की चुनौती

Update: 2021-10-01 01:56 GMT

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर 2021। आपसी कलह से जूझ रही कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। पंजाब से लेकर छत्तीसगढ़ तक चल रही आपसी टकरावों के बाद पूर्वोतर राज्यों से कांग्रेस के लिए बुरी खबर आ रही है। वहां पूर्व मुख्यमंत्री समेत 10 विधायक कांग्रेस छोड़कर ममता बनर्जी की तृणमूल पार्टी का दामन थामने वाले हैं।

मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा और पूर्वोत्तर पहाड़ी राज्य के करीब एक दर्जन विधायक कांग्रेस का हाथ छोड़कर जल्द ही ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा, जो अब विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं, कांग्रेस लीडरशिप से नाखुश हैं और उन्हें लगता है कि वह पुरानी पार्टी में किनारे कर दिए गए हैं।

कुछ दिनों पहले संगमा ने लोकसभा सांसद विंसेंट एच पाला को पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की थी। इतना ही नहीं, वह मुख्य रूप से गारो हिल्स क्षेत्र के विधायकों के साथ पार्टी के दो प्रमुख कार्यक्रमों से भी दूर रहे थे। संगमा ने इससे पहले कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी से उनकी हालिया मुलाकात की खबरों का खंडन किया था।

हालांकि, सुष्मिता देव की मेघालय यात्रा के बाद से इसकी चर्चा बढ़ गई कि संगमा टीएमसी का दामन थामने वाले हैं। बता दें कि अगस्त में ही सुष्मिता देव कांग्रेस छोड़ टीएमसी में शामिल हो गई थीं। अगर संगमा कांग्रेस छोड़ देते हैं, तो कई अन्य विधायक भी पार्टी छोड़ सकते हैं।

Similar News