कलेक्टर जेपी मौर्य ने जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने की जतायी आशंका….चीफ सिकरेट्री को लिखा पत्र….”दूसरे राज्यों से लाकर जिले की सीमा पर छोड़ा जा रहा लोगों को…. हर दिन 10-15 हजार प्रवासी सीमा में कर रहे हैं प्रवेश”

Update: 2020-05-15 11:13 GMT

राजनांदगांव 15 मई 2020। कलेक्टर जेपी मौर्य ने जिले में भारी संक्रमण के खतरे की आशंका जतायी है। उन्होंने चीफ सिकरेट्री को पत्र लिखकर चीफ सिकरेट्री को जिले के मौजूदा हालात की जानकारी दी है। उन्होंने पत्र में इस बात का जिक्र किया है कि चेकपोस्ट के जरिये हर दिन जिले में करीब 10 से 15 हजार लोग प्रवेश कर रहे हैं, हाल के दिनों में इसकी संख्या और भी ज्यादा बढ़ी है। अन्य प्रदेशों से आ रहे प्रवासी मजदूरों के छत्तीसगढ़ सीमा में प्रवेश के बाद प्रदेश में कोरोना के संक्रमण का खतरा अब ज्यादा बढ़ गया है।

पत्र में कलेक्टर जेपी मौर्य ने चीफ सिकरेट्री को बताया है कि …

“राजनांदगांव जिले का महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के साथ लंबी सीमा लगती है। जिले में कुल 6 चेकपोस्ट हैं, जिसमें मुख्यतया बागनदी चेकपोस्ट में वाहनों का आवागमन अधिक होता है। बागनी चेकपोस्ट राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-06 में स्थित है। इस चेक पोस्ट में प्रतिदिन अनुमानित 10 से 15 हजार लोग प्रवेश कर रहे हैं। विगत 5-4 दिनों में ही इनकी संख्या बहुत अधिक बढ़ी है। भविष्य में इनकी संख्या और अधिक बढ़ने की आशंका है। मेरे संज्ञान में यह आया है कि महाराष्ट्र एवं गुजरात परिवहन विभाग की बसों एवे उन राज्यों से आने वाले ट्रकों के माध्यम से बड़ी संख्या में यात्रियों को बागनदी चेकपोस्ट के समीप उतार दिया जाता है, जिससे लगातार बागनदी चेकपोस्ट पर हजारों लोगों की भीड़ एकत्र हो रही है। जिससे राजनांदगांव जिले में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। सीमा पर आने वाले यात्री छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओड़िशा, पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, जिसमें केवल 20 प्रतिशत यात्री ही छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। इन प्रवासी यात्रियों के सुरक्षित परिवहन हेतु संबंधित राज्य सरकारों के साथ समन्वय की आवश्यकता है। इन प्रवासी यात्रियों के परिहन हेतु बड़ी संख्या में बसों की आवश्यकता होगी, जिसका भार राज्य सरकार पर आयेगा। उचित होगा कि अन्य राज्य के निवासियों के परिवहन का भार संबंधित राज्य सरकारें वहन करे। कृप्या इस संबंध में उचित कार्यवाही कर पर्याप्त संख्या में बस उपलब्ध कराये जाने का अनुरोध है”

 

Similar News