युद्धवीर के बयान पर CM भूपेश की चुटकी, बोले- वो बोल रहे हैं तो ठीक ही बोल रहे होंगे…… युद्धवीर के बयान पर दिन भर चली सियासी कानाफूंसी… दिग्गजों ने इस तरह से दी अपनी प्रतिक्रिया

Update: 2020-12-15 08:08 GMT

रायपुर 15 दिसंबर 2020। पूर्व विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव के बगावती बोल ने सियासी हड़कंप मचा दिया है। बीजेपी को व्यापारियों की पार्टी करार देकर और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ कर नये समीकरण के संकेत दे रहे जूदेव को लेकर आज दिन भर सियासी कानाफूंसी होती रही। केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने साफ कहा है कि जूदेव परिवार का कोई भी कांग्रेस में कभी जा ही नहीं सकता, तो वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ये कहकर बीजेपी पर चुटकी ले ली, कि

“यदि युद्धवीर कह रहे हैं तो ठीक ही कह रहे होंगे, अपने अनुभव के आधार पर कह रहे होंगे”

दरअसल युद्धवीर के तेवर को लेकर कल से ही मीडिया में लगातार चर्चाएं चल रही थी। कल टीवी चैनल से बातचीत में युद्धवीर ने कहा था कि

“बघेल जी से मैंने संघर्ष करना सीखा है, अब बीजेपी में वो बात नहीं रही, जो हमारे पिताजी के समय थी, अब भारतीय जनता पार्टी व्यापारियों की पार्टी हो गयी है”

इस बयान के तरह-तरह के मतलब निकाले जा रहे थे। सियासी गलियारों में तो ये तक अफवाह उड़ गयी थी कि युद्धवीर का कांग्रेस के प्रति झुकाव हो गया है। हालांकि बीजेपी की तरफ से इसे लेकर कोई गंभीर बयान नहीं आया। बिलासपुर में धरमलाल कौशिक ने मुख्यमंत्री के तारीफ वाले बयान पर कहा कि हर किसी के अपने-अपने निजी रिश्ते होते हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि प्रदेश के पहले चुनाव में दिलीप सिंह जूदेव ने मूछों पर दांव लगाया था, और जूदेव ने भाजपा की सरकार बनाई थी, युद्धवीर 10 साल विधायक रहे हैं, पार्टी कार्यकर्ता नाराज जरूर हो सकता है, उन्हे नाराजगी दिखाने का अधिकार है लेकिन जूदेव परिवार का कोई भी व्यक्ति कांग्रेस में कभी नहीं जा सकता।

 

 

Tags:    

Similar News