Surguja Accident News: श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो को कंटेनर ने ठोका, चार की मौत, सात घायल, सीएम विष्णु देव ने जताया दुःख

Surguja Accident News: छत्तीसगढ़ में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो हादसे का शिकार हो गई। घटना में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुःख जताया है। साथ ही घायलों के बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश प्रशासन को दिये हैं।

Update: 2025-02-26 11:35 GMT

Surguja Accident News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में महाशिवारात्रि के दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ़्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में चार की मौत हो गई। वहीं, सात अन्य घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने कंटेनर में आग लगा दी। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुःख जताया है। मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट पर लिखा...

सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बोलेरो-कंटेनर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद है। हादसे में 6 लोगों के आंशिक रूप से घायल होने की भी खबर है।

सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।

ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र के ग्राम रेवापुर सखोली से ग्रामीण महाशिवरात्रि पर पूजा करने के लिए जशपुर के किलकिला शिव मंदिर गये थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी बोलेरो में सवार होकर वापस अपने ग्राम लौट रहे थे।

इसी दौरान अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिशुनपुर के पास तेज रफ़्तार कंटेनर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो के परखच्चे उड गये और अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सात लोग घायल हो गये।

इधर, इस हादसे की सूचना के बाद आक्रोशित लोगों ने कंटेनर में आग लगा दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर की आग को बुझाकर नाराज लोगों को शांत कराया गया। घायलों को सीतापुर के अस्पताल में भर्ती कराय गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।

मृतकों में राजकुमार अगरिया (61),अंजली अगरिया (26),सूरज अगरिया (13) व छह माह का मासूम बच्चा शामिल है। घायलों में चार वर्षीय विवान अगरिया के साथ आयुष अगरिया (10),रुपनी अगरिया (30) व चालक मनोहर सिंह (30) शामिल हैं। फिलहाल मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News