SSP की नायाब पहल: रिटायर्ड पुलिस कर्मियों की हो रही है पुलिस में वापसी, इस जिले के कप्तान ने लिया बड़ा फैसला
CG Police: सेना की तरह अब छत्तीसगढ़ पुलिस में भी रिटायर्ड पुलिस कर्मियों की वापसी हो रही है। यह अनूठा प्रयोग प्रदेश के एक जिले के कप्तान ने शुरू कर दिया है। इसकी तैयारी के लिए रिटायर्ड पुलिस कर्मियों के साथ बैठक भी हो चुकी है।
इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर। 7 अप्रैल 2026| न्यायधानी के एसएसपी रजनेश सिंह ने अहम पहल की है। वक्त के साथ उन्होंने रिटायर्ड पुलिस कर्मियों को फिर से पुलिस के साथ जोड़ने का फैसला किया है। इस पर ज्यादातर रिटायर्ड पुलिस कर्मियों ने अपनी सहमति भी दे दी है। पुलिस में वापसी के बाद यही रिटायर्ड पुलिस कर्मी पुलिस विभाग के साथ आम जनता की सक्रियता के साथ मदद कर पाएंगे।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासा गुड़ी में बैठक बुलाई थी, जिसमें बड़ी संख्या में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी और वर्तमान पुलिस अफसर शामिल थे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मित कौर, पुलिस लाइन डीएसपी मंजूलता केरकट्टा, सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह ने रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं। इनका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, समाज में जागरूकता बढ़ाना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। रिटायर्ड कर्मियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए खुशी जताई। उनका कहना था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें फिर से समाज और पुलिस विभाग की सेवा का अवसर मिलेगा। जिलेभर में देंगे विशेष योगदान, नई व्यवस्था के तहत रिटायर्ड पुलिसकर्मी अपने अनुभव का उपयोग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग देंगे, जैसे-स्थानीय स्तर पर निगरानी और सूचना साझा करना, सामाजिक विवादों के समाधान में सहयोग, युवाओं को अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, पुलिस की जनसंपर्क गतिविधियों को मजबूत करना, चेतना अभियान के विभिन्न चरणों को जिसमे अपराध/ ठगी/ धोखा धड़ी जैसे घटना से बचाने हेतु साइबर अपराध,महिला बाल अपराध, संगठित अपराध, दुर्घटना नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की जानकारी देकर लोगों को जागरूक करना ।
पुलिस बीट के बाद यह प्रयोग
एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा पहले आधुनिक तकनीक जैसे ड्रोन का उपयोग कर पुलिसिंग को मजबूत किया गया है। अब इस नई पहल के जरिए अनुभवी रिटायर्ड कर्मियों को जोड़कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ साथ बेसिक पुलिसिंग के बीट प्रणाली भी प्रभावी तरीके से लागू किया गया। माना जा रहा है कि इस पहल से न केवल पुलिस विभाग को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम जनता के बीच भी विश्वास बढ़ेगा। अनुभवी और सम्मानित रिटायर्ड पुलिसकर्मी समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेंगे। बिलासपुर पुलिस की यह पहल एक नया मॉडल साबित हो सकती है, जिसे भविष्य में अन्य जिलों में भी अपनाया जा सकता है।