छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग: रिश्वतखोर SDO गिरफ्तार, निर्माण कार्य के एवज में एक लाख की मांगी थी रिश्वत, एसीबी ने पहली किश्त लेते ही रंगे हाथों पकड़ा
Rishwat Lete SDO Giraftar : आरईएस विभाग के एसडीओ को रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगे हाथों धरा हैं। निर्माण कार्य का बिल पास करने की एवज में एसडीओ एक लाख रुपये की मांग एक उपसरपंच से कर रहे थे।
फोटो सोर्स- npg.news
बलौदाबाजार 19 फरवरी 2026, एंटी करप्शन ब्यूरो की गिरफ्त में एक और घूसखोरी अधिकारी आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरईएस विभाग के एसडीओ को रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा हैं। निर्माण कार्य का बिल पास करने की एवज में एसडीओ एक लाख रुपये की मांग एक उपसरपंच से कर रहे थे। पहली किश्त 25000 लेते ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूरा मामला बलौदा बाजार भाटापारा जिले के जनपद पंचायत पलारी का है, जहां एसीबी ने दबिश देकर कार्यवाही की है। यहां एसडीओ के पद पर गोपाल कृष्ण शर्मा पदस्थ हैं। उन्होंने पलारी ब्लाक के ही एक उपसरपंच से एक निर्माण कार्य के मूल्यांकन और बिल पास करने की एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत देने की पहली किश्त 25000 तय हुई थी। उप सरपंच रिश्वत देना नहीं चाहता था इसलिए उसने एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर के कार्यालय में शिकायत कर दी।
एंटी करप्शन ब्यूरो ने शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। आज उप सरपंच को एसडीओ ने जनपद पंचायत पलारी के कार्यालय में रिश्वत की रकम लेकर बुलाया। जैसे ही उप सरपंच ने पहली किश्त 25 हजार रुपये दी,उसके बाद जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर तैनात एसीबी की टीम ने कार्यालय में दबिश दे एसडीओ आरईएस गोपाल कृष्ण शर्मा को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। एसडीओ से रिश्वत की रकम बरामद कर कार्यालय में एसीबी पूछताछ में जुटी है। प्रेस नोट के माध्यम से जल्द ही एसीबी विस्तृत विवरण उपलब्ध करवाएगी।