CBSE स्कूलों में सैनिटरी नैपकिन, मासिक धर्म स्वच्छता केंद्र की उपलब्धता को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जारी किया निर्देश....
School Education News: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE ने देशभर के सीबीएसई संबद्धता स्कूलों को पत्र लिखकर स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन और धर्म स्वच्छता केंद्र उपलब्धता सुनिश्चित कराने कहा है। बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए परिपालन में गंभीरता बरतने के साथ ही जरुरी दिशा निर्देश जारी किया है। देखें सीबीएसई का देशभर के स्कूलों को जारी पत्र।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
बिलासपुर। 6 अप्रैल 2026| केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE ने देशभर के सीबीएसई संबद्धता स्कूलों को पत्र लिखकर स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन और धर्म स्वच्छता केंद्र उपलब्धता सुनिश्चित कराने कहा है। बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए परिपालन में गंभीरता बरतने के साथ ही जरुरी दिशा निर्देश जारी किया है।
सीबीएसई से संबद्ध सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को जारी पत्र में बोर्ड ने लिखा है, विद्यालयों में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का गंभीरता के साथ परिपालन करना है। बोर्ड ने आगे लिखा है, शिक्षा मंत्रालय ने सर्वोच्च न्यायालय के 20 जनवरी 2026 के फैसले की एक प्रति भेजी है, जिसमें न्यायालय ने गरिमापूर्ण मासिक धर्म स्वास्थ्य के अधिकार को संविधान के अनुच्छेद 21 का अभिन्न अंग माना है और इस बात पर जोर दिया है कि किशोरियों के लिए शिक्षा के अधिकार और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) तक पहुंच आवश्यक है।
उक्त फैसले में सर्वोच्च न्यायालय ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूलों में जारी निर्देशों और दिशानिर्देशों के अनिवार्य कार्यान्वयन के लिए एक निरंतर परमादेश जारी किया है। इस संबंध में, सीबीएसई से संबद्ध सभी विद्यालयों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और गाइड लाइन का पालन करना है।
अवसंरचना: विद्यालयों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लड़कियों के लिए पर्याप्त, सुरक्षित और स्वच्छ अलग शौचालय और धुलाई की सुविधाएं उपलब्ध हों।
. लड़कियों के लिए जैव अपघटनीय सैनिटरी नैपकिन और मासिक धर्म स्वच्छता केंद्रों की उपलब्धता।
. अपशिष्ट प्रबंधन: स्वच्छता अपशिष्ट का उचित निपटान।
जागरूकता: विद्यालयों को विद्यार्थियों के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य और यौवनारंभ से संबंधित प्रशिक्षण आयोजित करना चाहिए। विद्यालय एनसीईआरटी, एससीईआरटी दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिंग-संवेदनशील चर्चाओं को भी शामिल कर सकते हैं और एक सहायक विद्यालयी वातावरण को प्रोत्साहित कर सकते हैं।
आवधिक निरीक्षण: उपरोक्त उपायों के कार्यान्वयन की निगरानी के लिए विद्यालय जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले आवधिक निरीक्षणों में सहयोग करेंगे। जारी निर्देश में बोर्ड ने साफ कहा है, उपरोक्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, विद्यालय अनुपालन रिपोर्ट माहवार अलग-अलग जमा कर सकते हैं, जो क्रमशः 31 मार्च, 2026 और 30 अप्रैल, 2026 तक गूगल लिंक पर उपलब्ध होनी चाहिए।