Chhattisgarh BJP News: भाजपा में फेरबदल! दावेदारों की गतिविधियां तेज, निगम, मंडलों में गए नेताओं की जगह होगी नियुक्तियां
Chhattisgarh BJP News: छत्तीसगढ़ भाजपा में बहुप्रतीक्षित फेरबदल का मुहूर्त अगस्त में निकल सकता है। निगम व मंडलों में गए नेताओं को हटाकर नई नियुक्तियों पर मंथन शुरू हो गया है। दावेदार सक्रिय हैं और संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को जगह नहीं मिलेगी; किरणदेव का मामला फिलहाल अधर में।
Chhattisgarh BJP News: रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए अगस्त माह महत्वपूर्ण हो सकता है। पार्टी की सरकार बनने के बाद संगठन के कई पदाधिकारी अब निगम या मंडल में अध्यक्ष अथवा सदस्य बना दिए गए हैं। उनकी जगह अब नए लोगों की नियुक्ति की सुगबुगाहट हो चुकी है। सब कुछ ठीक रहा तो अगस्त माह में भाजपा को नए पदाधिकारी मिल सकते हैं। संवैधानिक पदों पर जिनका मनोनयन हो चुका है, उन्हें संगठन में नहीं रखा जा सकता।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अब प्रदेश संगठन में नई नियुक्तियों की कवायद शुरू हो चुकी है, दावेदार और योग्य लोगों को परखा जा रहा है। दावेदार भी खुद अपनी दावेदारी पेश करने लगे हैं। विधानसभा का मानसूत्र सत्र समाप्त हो चुका है और संसद का भी सत्र खत्म होने को है। इसके बाद रायपुर से लेकर दिल्ली तक भाजपा के सभी बड़े नेता एक तरह से फ्री हो जाएंगे और संगठन को आकार देने पर विचार शुरू हो जाएगा। भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 36 से अधिक निगम व मंडलों में अध्यक्षों और सदस्यों की नियुक्तियां कर दी है। प्रदेश भाजपा में चार महामंत्री बनाए जाते हैं। इनमें से एक संजय श्रीवास्तव अब छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के चैयरमैन बन गए हैं। जबकि रामू रोहरा धमतरी नगर निगम के महापौर बन चुके हैं। एक महामंत्री भरत वर्मा डोंगरगढ़ हादसे में बुरी तरह जख्मी हुए थे और उनका उपचार चल रहा है। इसी तरह उपाध्यक्ष के पद पर भी छह लोगों का मनोनयन किया जाता रहा है। प्रदेश संगठन में जाने के लिए सबसे ज्यादा दावेदारी महामंत्री पद के लिए हो रही है।
प्रदेश संगठन में आयोग में जिनकी नियुक्तियां संवैधानिक पदों पर हुई हैं, उन्हें संगठन में नहीं रखा जा सकता। इस तरह देखा जाए तो प्रदेश भाजपा में लगभग सभी पदों पर नई नियुक्तियां हो सकती हैं। भाजपा ने वर्तमान पदाधिकारियों के भरोसे ही चुनाव लड़ा था, इसलिए इनकी भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। नई नियुक्तियों के वक्त निगम मंडलाें में हुई नियुक्तियां और विधानसभा चुनाव के नतीजों का भी ख्याल रखा गया था, माना जा रहा है कि संगठन की नई संरचना में इस फार्मूले का ध्यान रखा जाएगा।
किरण देव पर अब भी असमंजस
साय सरकार में मंत्री मंडल में फेरबदल के हर अटकलों के बीच मंत्री के दावेदारों में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव का नाम लिया जाता रहा है। यह भी कहा जाता रहा कि उनकी जगह नया अध्यक्ष बनाया जाएगा, मगर अब तक तस्वीर साफ नहीं है। अब चर्चा है कि किरण सिंह देव को भाजपा पद पर आगे भी रखा जा सकता है। बहरहाल, यह विषय मंत्री मंडल से संबंधित है, इसलिए कुछ कहा नहीं जा सकता।