CG News: SDM की पिटाई से आदिवासी किसान की मौत: आज कुसमी बंद का आह्वान, प्रशासन अलर्ट मोड पर, सुरक्षा बलों की तैनाती
CG News: SDM की पिटाई से आदिवासी किसान की मौत के बाद मामला पूरी तरह सियासत में बदलने लगी है। उत्तर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक परिस्थितियां तेजी के साथ करवट लेने लगी है। आदिवासी किसान की मौत के विराेध में आज कुसमी बंद का आह्वान किया गया है।
इमेज सोर्स- NPG News
17 February 2026|सरगुजा। SDM की पिटाई से आदिवासी किसान की मौत के बाद मामला पूरी तरह सियासत में बदलने लगी है। उत्तर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक परिस्थितियां तेजी के साथ करवट लेने लगी है। आदिवासी किसान की मौत के विराेध में आज कुसमी बंद का आह्वान किया गया है। विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती गई है। पुलिस और जिला प्रशासन के आला अफसर स्थिति पर नजर लगाए हुए हैं। आदिवासी किसान की मौत के मामले में पुलिस ने एसडीएम सहित चार लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया है।
बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में कुसमी SDM और तीन अन्य लोगों पर तीन किसानों के साथ मारपीट का आरोप लगा है। इस घटना में आदिवासी किसान की इलाज के दौरान कुसमी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। आज शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना कोरंधा थाना क्षेत्र की है।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने 4 घंटे तक चक्काजाम किया था। आज कुसमी बंद का आह्वान किया है। पुलिस जांच में प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर 4 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। SDM करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह पूर्व BJYM अध्यक्ष कुसमी, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले पर कहा कि ये जंगलराज है, सरकार है या खनन माफिया का साम्राज्य? जिन अधिकारियों का काम अवैध उत्खनन रोकना था, वे ही तस्करों को संरक्षण देने के लिए आम जनता की हत्या कर रहे हैं।
हंसपुर में देर रात बक्साइट के अवैध उत्खनन करने वालों की गाड़ी ग्रामीणों ने पकड़ी थी। सूचना पर एसडीएम स्थानीय युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। घायलों ने बताया कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और पीटा गया। विरोध में कुसमी में आदिवासी समाज और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
मामले में बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि आरोपियों को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। जो भी दोषी होगा, सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।