CG Yuktiyuktakaran: युक्तियुक्तकरण में भारी लापरवाही, तय समय पर नहीं भेजी रिक्त पदों की जानकारी, डीईओ ने लिपिक को किया सस्पेंड, देखें आदेश

युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में स्थापना शाखा के लिपिक ने गड़बड़िया की। जिन स्कूलों में पद रिक्त नहीं है उन स्कूलों में पद रिक्त बता दिया। इसके अलावा तय डेडलाइन के आधार पर संभागीय कार्यालय को रिक्त पदों की जानकारी नहीं भेजी। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्यवाही करते हुए दोषी सहायक ग्रेड 2 बृज किशोर तिवारी को निलंबित कर दिया है।

Update: 2025-06-07 09:35 GMT

CG Teacher News

सरगुजा। डीपीआई के स्पष्ट निर्देश और तय डेडलाइन का पालन नहीं करना अंबिकापुर डीईओ कार्यालय के एक लिपिक को भारी पड़ गया है। अतिशेष शिक्षकों की जानकारी भेजने में लापरवाही बरतने के अलावा तय समयावधि में सूची संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग के कार्यालय भी नहीं भेजी। इसके अलावा जिन स्कूलों में पद रिक्त नहीं है वहां भी पद रिक्त बताने जैसी गंभीर लापरवाही बरतने वाले लिपिक को डीईओ ने निलंबित कर दिया है।

युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर में स्थापना शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड –2 बृज किशोर तिवारी ने शिक्षकों के जिला स्तर पर युक्तियुक्तकरण हेतु विषयवार अतिशेष व्याख्याताओं की सूची एवं विद्यालयवार विषयवार रिक्त पदों की सूची संधारण में व्यापक अनियमितताएं बरती हैं। विद्यालयवार व विषयवार संधारित रिक्त पदों की सूची में उन स्कूलों को शामिल कर लिया गया है जहां पूर्व से ही उस विषय के व्याख्याता पदस्थ होने के चलते पद रिक्त नहीं हैं। संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा सरगुजा संभाग अंबिकापुर को प्रेषित अतिरिक्त अतिशेष व्याख्याताओं की सूची में से कुछ अतिरिक्त अतिशेष व्याख्याताओं की पूर्ण सूची काउंसलिंग तिथि तक संभागीय कार्यालय में प्रेषित नहीं की गई। जिसे घोर लापरवाही माना गया।

बृज किशोर तिवारी की उक्त लापरवाही से जिला स्तर पर एवं संभाग स्तर पर युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई। जबकि सावधानीपूर्वक त्रुटि रहित सूची संभागीय संयुक्त संचालक को प्रेषित किया जाना था। इसके चलते बृजकिशोर तिवारी सहायक ग्रेड 2 कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरगुजा नियत किया गया है।

Tags:    

Similar News