जल जीवन मिशन में कमीशनखोरी: PHE ठेकेदार ने आत्मदाह की दी धमकी, कलेक्टर ने जारी किया जांच के निर्देश, पढ़िए क्या है मामला
CG News: एक मामला उत्तर छत्तीसगढ़ से सामने आया है। पीएचई के ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद अधिकारी द्वारा कमीशन मांगे जाने की शिकायत कलेक्टर से की है। ठेकेदार ने भुगतान ना होने पर आत्मदाह की बात भी शिकायत में लिखी है। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
सरगुजा।28 मार्च 2026| केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना में से एक है, जल जीवन मिशन, इसे लेकर समय-समय पर विधानसभा सत्र के दौरान विधायक तीखे सवाल करते ही रहते हैं। अपने सवालों के जरिए विभागीय मंत्री को घेरते भी हैं। सदन में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का मामला भी गूंजा है। ऐसा ही एक मामला उत्तर छत्तीसगढ़ से सामने आया है। पीएचई के ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद अधिकारी द्वारा कमीशन मांगे जाने की शिकायत कलेक्टर से की है। ठेकेदार ने भुगतान ना होने पर आत्मदाह की बात भी शिकायत में लिखी है। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।
ठेकेदार ने अधिकारियों पर कमीशन मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस मामले में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को नोटिस भी जारी किया जाएगा। पीएचई ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने शुक्रवार को कलेक्टर सरगुजा के नाम ज्ञापन सौंपा है। जिसमें बताया,उसने पीएचई के अंबिकापुर सब डिविजन में जल जीवन मिशन का काम किया है। निर्माण कार्य एक साल पहले ही पूरा कर लिया गया है। इसके बाद भी विभाग की तरफ से भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कमीशन नहीं तो भुगतान नहीं, सब इंजीनियर मांग रहा कमीशन
ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि, उसने 65 लाख का काम किया है। इसके एवज में अब तक सिर्फ 22 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। पीएचई के सब इंजीनियर धर्मेंद्र सिंह पर कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। कमीशन नहीं देने पर बिल नहीं बनाने की बात कह रहे। ठेकेदार ने 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
पानी आपूर्ति के बाद रोका बिल
ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल का कहना है कि, लखनपुर विकासखंड के जुड़वानी में जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण करने के साथ ही पाइप लाइन का विस्तार किया गया। नल कनेक्शन भी दिए गए। 6 महीने से पानी टंकी से पानी सप्लाई भी हो रही है, लेकिन अधिकारियों ने बिल रोककर रखा है। अधिकारी कमीशन मांग रहे हैं और प्रताड़ित कर रहे हैं।
कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा, इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी कर रहे हैं। पीएचई ईई को मामले की जांच के लिए निर्देशित किया गया है।