CG में युवक की संदिग्ध मौत: फांसी के फंदे पर लटकी मिली लाश, सुसाइड नोट देखकर परिवार के पैरों तले से खिसकी जमीन
CG News: युवक की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। शव पर चोट के निशान और मौके से सुसाइड नोट मिले हैं।
दुर्ग 28 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। शनिवार सुबह युवक की लाश किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। शव पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें दो लोगों के नाम सामने आए हैं। यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहन रामटेके (42) के रूप में हुई है, जो कि पिछले 3 महीनों से हाउसिंह बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था और पेंटर का काम करता था। शनिवार की सुबह उसकी लाश घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। साथ ही उसके शव पर चोट के निशान और मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में कुछ लोगों के नाम शामिल है। वहीं मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के भाई ने क्या कहा ?
मृतक मोहन रामटेके के भाई नवीन रामटेके का कहना है कि मोहन का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था। मृतक की मां का भिलाई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है आज उनका ऑपरेशन होना था। इसलिए परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में थे और मोहन घर पर अकेला था। शनिवार सुबह मकान मालिक ने जब पुलिस को इसकी सूचना दी तब इसका खुलासा हुआ।
ASP ने क्या कहा ?
एडिशनल एसपी सिटी सुखनंदन राठौर का इस संबंध में कहना है कि युवक का शव बरामद किया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट और शरीर में चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ये हत्या है या फिर आत्महत्या।
विशेष नोट-
खुदकुशी करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। अगर आपके या आपके किसी जान-पहचान वाले के मन में आत्महत्या का ख्याल आता है तो यह बेहद गंभीर है। इस इमरजेंसी की स्थिति में आप तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें। इसके अलावा टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल किया जा सकता है। यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे। क्योंकि, जान है तो जहान है।