अफीम की खेती: फूल के नाम पर अफीम की खेती, रातभर पुलिस करेगी निगरानी, दुर्ग के बाद इस जिले में भी अफीम

CG News: बलरामपुर में 2 एकड़ से अधिक के खेत पर अफीम की खेती के खुलासे के बाद हड़कंप मचा हुआ है। शाम होने के कारण प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, अब रातभर पर खेत पर निगरानी के लिए पुलिस तैनात कर दिया गया है।

Update: 2026-03-10 14:13 GMT

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

बलरामपुर।10 मार्च 2026| दुर्ग के बाद बलरामपुर जिला अफीम की खेती के कारण चर्चा में आ गया है। विकासखंड कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी के सरना टोली क्षेत्र में मुखबिर के द्वारा अफीम की खेती की सूचना प्राप्त होने पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची है। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया पाया गया कि लगभग 2 एकड़ से अधिक की भूमि पर अफीम की अवैध खेती की जा रही थी। टीम के द्वारा संबंधित क्षेत्र को अभिरक्षा में लेकर आवश्यक जांच प्रारंभ की गई। साथ ही संबंधित एजेंसी को सूचना दी गई है, प्रशासनिक टीम भी मौके पर मौजूद है। शाम होने के कारण कल सुबह वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए पुलिस की रात्रिकालीन निगरानी भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। जिला प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीपीएस एक्ट तथा एसएसएल की टीम, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम की उपस्थिति में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

तीन एकड़ पर लगे पौधे

जानकारी के अनुसार कुसमी विकासखंड के ग्राम पंचायत त्रिपुरी शर्माटोली बड़ा घोसरा क्षेत्र में रूप देव पिता ठाकुर और कौसिल पिता रूंधू द्वारा फूल की खेती के नाम पर करीब 3 एकड़ में पौधे लगाए गए हैं। जबकि माना जा रहा है कि ये अफीम के पौधे हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंच चुकी है, मगर रात होने के कारण कार्रवाई रोक दी गई है। झारखंड के कुछ लोगों ने खेत के स्वामी रुपदेव और कौसिल से जमीन को ठेके पर लिया था। साथ ही कहा गया था कि फूल की खेती की जाएगी। यह खेत गांव से दूर सुनसान है, संभवत: इस कारण आरोपियों ने इसी जगह अफीम की खेती करने का निर्णय लिया था।

खेत मालिक सहित तीन हिरासत में

पुलिस ने खेत मालिक रुपदेव, कौसिल और एक अन्य को हिरासत में लिया है। जांच के बार सभी के तार आपस में जोड़े जा रहे हैं, साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। इन सभी पर अफीम की अवैध खेती के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कुसमी एसडीएम अनमोल टोप्पो, एसडीओपी आशीष कुंजाम, तहसीलदार राँकी एक्का, थाना प्रभारी कुसमी विरासत कुजूर सहित पूरी टीम मौके पर डटी हुई है।

Tags:    

Similar News