CG Crime News: 6 लाख की ठगी: डबल रुपये देने का दिया झांसा, किश्तों में वसूल पैसे

CG Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने व एक साल में दोगुना रकम लौटाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों का गिरोह लोगों को मॉल में बुलाकर जाल में फंसाता रहा।

Update: 2026-02-14 10:54 GMT

इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News

14 February 2026|बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने व एक साल में दोगुना रकम लौटाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों का गिरोह लोगों को मॉल में बुलाकर जाल में फंसाता रहा। लालच में आकर युवक ने 6 लाख से अधिक रुपए आरोपियों को दे दिए। बाद में पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जांजगीर निवासी अनिल कुमार पाण्डेय प्राइवेट नौकरी करता है। तकरीबन एक साल पहले उसकी मुलाकात कवर्धा निवासी झमिया यादव और चेतन पटेल से हुई थी। दोनों ने खुद को फोरेक्स ट्रेडिंग का एक्सपर्ट बताते हुए अनिल को अपने झांसे में ले लिया। आरोपियों ने दावा किया कि फोरेक्स ट्रेडिंग के जरिए मार्केट में उनकी मजबूत पकड़ है और इसमें निवेश करने पर रकम दोगुना हो जाता है।

6 अगस्त को आरोपियों ने अनिल को श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित रामा मैग्नेटो मॉल बुलाया। अनिल अपने दो परिचितों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने एक साल में डबल रिटर्न देने का भरोसा दिलाया। लालच में आकर अनिल ने उसी दिन 1.50 लाख रुपये कैश दिया। इसके अलावा 70 हजार रुपये फोन-पे के जरिए झमिया यादव के खाते में ट्रांसफर कर दिया।


7 अगस्त से 16 अक्टूबर के बीच सात किश्तों में 4.55 लाख रुपए फोन पे के माध्यम से ट्रांसफर किया। कैश और ऑनलाइन मिलाकर 6 लाख 5 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए। आरोपियों ने हर महीने 50 हजार रुपए मुनाफा देने का वादा किया था।

आरोपियों ने कुल 23 हजार रुपए ही वापस किए। तीन किस्तों में 18 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए लौटाए। नवंबर में जब अनिल ने बाकी रकम वापस मांगी तो झमिया यादव ने बैंक खाते में लेन-देन बंद होने का बहाना बनाया। एक सप्ताह बाद पैसा देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। उधर, चेतन पटेल भी लगातार टालमटोल करता रहा।

पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने साफ कह दिया कि रुपये व्यक्तिगत काम में खर्च हो चुका है और जो करना हो कर लें। इससे परेशान होकर अनिल ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी झमिया यादव और चेतन पटेल, निवासी कवर्धा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

Tags:    

Similar News