CG Congress News: देवेंद्र, विकास और डहरिया में से कौन होगा PCC का कार्यकारी अध्यक्ष? कांग्रेस में चली जा रही शतरंज की चाल
CG Congress News:
CG Congress News: रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस में अध्यक्ष बदले जाने की अटकलें विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद से लगाई जा रही हैं। कांग्रेस में अब संगठन सृजन अभियान शुरू हो चुका है, जिसमें निचले स्तर के सभी पदाधिकारी बदले जा सकते हैं। इस आधार पर यह चर्चा फिर से जोर पकड़ रही है कि प्रदेश को नया कांग्रेस अध्यक्ष मिल सकता है। चूंकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की चर्चा चल रही है, तो जाहिर है कार्यकारी अध्यक्ष के दावेदार भी सक्रिय हो चुके हैं।
चुनावों में लगातार हार के बाद कांग्रेस में पदाधिकारियों को बदलने की बात अंदरुनी बैठकों में लगातार उठाई जाती रही है। हारे हुए ज्यादातर प्रत्याशियों ने हार का ठीकरा संगठन की निष्क्रियता पर फोड़ा है। चुनाव के वक्त निचले स्तर पर संगठन की गतिविधि केवल बैठकों तक सीमित रही और वोटरों तक कांग्रेस की पहुंच कमजोर होती गई।
बैज विरुद्ध सिंहदेव
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर संभाग से हैं। उन्हें हटाने या न हटाने पर अब तक पार्टी हाईकमान ने कोई फैसला नहीं लिया है। इसके विपरीत पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सिंहदेव की ओर से हाईकमान को संदेश जा चुका है कि पार्टी हित में वे कोई भी बड़ी जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं। यहां तक दावा किया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद सिंहदेव की वरिष्ठ पार्टी नेताओं से इस संदर्भ में चर्चा भी हो चुकी है। यदि ऐसा होता है तो नया अध्यक्ष सरगुजा संभाग से मिल सकता है, मगर सिंहदेव सामान्य वर्ग से आते हैं, इस कारण आदिवासी और ओबीसी वाला पेंच फंसता दिख रहा है। भाजपा ने भी अध्यक्ष का पद आदिवासी नेता को दे रखा है, इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा।
पीसीसी अध्यक्ष पर निर्भर कार्यकारी अध्यक्ष का फैसला
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यदि पीसीसीa अध्यक्ष आदिवासी ही रहे तो उस हिसाब से कम से कम दो कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। इनमें से एक पद ओबीसी और दूसरा अनुसूचित जाति को दिया जा सकता है। जबकि सामान्य वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया तब तीन कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर मुहर लग सकती है। ये तीनों पद आदिवासी, एससी और ओबीसी को दिया जाएगा। हाल के चुनाव में जातिगत समीकरण महत्वपूर्ण रहा है, इस वजह से कांग्रेस इस समीकरण को नजरअंदाज नहीं कर सकती।
कार्यकारी अध्यक्ष के दावेदार लगे जुगाड़ में
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष की चर्चा ने इसलिए जोर पकड़ा है, क्योंकि दावेदार सक्रिय हो चुके हैं। भले ही अभी इस पर नियुक्ति न हो, मगर नाम ऊपर तक जा रहे हैं। इनमें देवेंद्र यादव, विकास उपाध्याय और शिव डहरिया के बारे में कहा जा रहा है कि ये दावेदार हो सकते हैं। सभी अपने- अपने तरीके से हाईकमान को संतुष्ट करने की कोशिश में लगे हुए हैं, जिससे उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व मिल सके। केंद्र और राज्य, दोनों में कांग्रेस की सरकार नहीं हे, इस कारण अब संगठन के पद का मोह बढ़ गया है।
जब बैज ने देवेंद्र को बताया कार्यकारी अध्यक्ष!
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने दिल्ली में रहते हुए एक्स पर ऐसा पोस्ट किया, जिससे चर्चा का बाजार गर्म हो गया। बाद में यह पोस्ट डिलीट हो गया। बैज ने जनम दिन की बधाई देते हुए देवेंद्र यादव को कार्यकारी अध्यक्ष संबोधित कर दिया था।