CG Bilaspur Airport: नाइट लैंडिंग लाइसेंस: बिलासपुर एयरपोर्ट को मिला नाइट लैंडिंग लाइसेंस, बारिश और खराब मौसम में भी विमानों की हो सकेगी लैंडिंग
CG Bilaspur Airport: छत्तीसगढ़ बिलासपुर एयरपोर्ट को केंद्र सरकार ने नाइट लैंडिंग लाइसेंस जारी कर दिया है।
इमेज सोर्स- गूगल, एडिट बाय- NPG News
06 फरवरी 2026| बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर एयरपोर्ट को केंद्र सरकार ने नाइट लैंडिंग लाइसेंस जारी कर दिया है। केंद्र सरकार के इस निर्णय से एयरपोर्ट से एयर कनेक्टिविटी बढ़ेगी व लोगों को इसी अंदाज में हवाई सुविधाएं भी मिलने लगेंगी।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने केंद्र और राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया है। समिति ने जन संघर्ष करने वाले साथियों को बधाई दी है।
लंबी प्रतीक्षा और लड़ाई के बाद बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट बिलासपुर को नाइट लैंडिंग यानी, 3 सी आईएफआर IFR का लाइसेंस मिल गया है। अब 72 और 80 सीटर तक विमान बिलासपुर से पूरे 24 घंटे बिना किसी बाधा के संचालित हो सकेंगे। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि खराब मौसम आदि के कारण अब फ्लाइट कैंसिल होने की संभावना लगभग समाप्त हो गई है।
बता दें कि बिलासपुर से 24 घंटे हवाई सुविधा प्रदान करने के लिए हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का आंदोलन बीते 6 साल से जारी है। 2021 मार्च में चालू हुए एयरपोर्ट में अभी केवल आंशिक रूप से उड़ानों का संचालन हो रहा है, जबकि चारों महानगर तक प्रतिदिन एक उड़ान नाइट लैंडिंग सुविधा और 4 C एयरपोर्ट की मांग अधूरी थी। आज पुनः एक बड़ी मांग नाइट लैंडिंग सुविधा की पूरी हुई है। इसके बाद 72 और 80 सीटर विमान बिलासपुर से पूरे 24 घंटे संचालित हो सकेंगे।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने केंद्र और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया है। समिति ने बिलासपुर की जनता और इस जन संघर्ष में भाग लेने वाले हर व्यक्ति हर संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बधाई दी है। समिति ने कहा कि अभी यह जन संघर्ष 50% ही पूरा हुआ है और सभी महानगरों तक सीधी उड़ान और 4C एयरपोर्ट बनने तक इसे जारी रखा जाएगा।