ऑपरेशन उपलब्ध: टिकट दलालों पर रेसुब की बड़ी कार्रवाई, चार दिनों में सात टिकट दलाल रेसुब के चढ़े हत्थे

SECR Railway news: रेलवे रिजर्वेशन टिकट के अवैध व्यापार करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ऑपरेशन उपलब्ध चला रहा है। चलाए जा रहे आपरेशन के मद्देनजर सुरक्षा बल ने बीते चार दिनों के भीतर सात टिकट दलालों को गिरफ्तार किया है।

Update: 2026-03-10 13:23 GMT

इमेज सोर्स- NPG News

बिलासपुर।10 मार्च 2026| रेलवे रिजर्वेशन टिकट के अवैध व्यापार करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ऑपरेशन उपलब्ध चला रहा है। चलाए जा रहे आपरेशन के मद्देनजर सुरक्षा बल ने बीते चार दिनों के भीतर सात टिकट दलालों को गिरफ्तार किया है।

त्योहारी सीजन, गर्मी की छुट्टियों तथा वैवाहिक सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होने से रेलवे टिकटों का अवैध व्यापार तथा कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं और यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल कर टिकटों का अवैध व्यापार करते हैं।



 इसी के मद्देनजर मुन्नवर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के निर्देशन तथा दीपचन्द्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में रेसुब नागपुर मंडल द्वारा “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत रेलवे टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।




 


06 मार्च 2026 से 09 मार्च 2026 तक मंडल के विभिन्न स्थानों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल द्वारा 07 टिकट दलालों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान इनके पास से पर्सनल यूजर आईडी के माध्यम से बनाए गए आरक्षित ई-टिकट, मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम एवं लैपटॉप बरामद किए गए। इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत संबंधित रेसुब पोस्ट में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।



 


आपरेशन उपलब्ध के दौरान ये मामले बनाए गए

  • 6 मार्च 2026 को भोमा तहसील स्थित ऑनलाइन सर्विसेज विमला नगर में संचालक संतोष काकुड़िया के कंप्यूटर सिस्टम की जांच करने पर पर्सनल यूजर आईडी से बनाए गए 10 पुराने आरक्षित ई-टिकट (कीमत ₹10,686.50) बरामद किए गए। इसी दिन ग्राम निवारी स्थित विश्वकर्मा MP ऑनलाइन के संचालक राहुल कुमार विश्वकर्मा के लैपटॉप से पर्सनल आईडी से बनाए गए 09 आरक्षित ई-टिकट (कीमत ₹4,630) जब्त किए गए।
  • 7मार्च 2026 को महाराजपुर स्थित ऑनलाइन सेंटर के संचालक मो. शमीम के मोबाइल से 03 लाइव आरक्षित ई-टिकट (₹4,481.70) तथा 04 पुराने ई-टिकट (₹5,625.75) बरामद किए गए। इसी दिन रोहन मेहर, निवासी नवेगांव रेलवे (नागपुर) को ग्राहकों की मांग पर टिकट बनाकर अवैध व्यापार करते पाए जाने पर 14 पुराने आरक्षित ई-टिकट (₹42,088.70) तथा एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹66,088.70 की जब्ती की गई।
  • राजनांदगांव आरक्षण कार्यालय में संदेह के आधार पर पकड़े गए व्यक्ति के मोबाइल से 14 ई-टिकट (11 पुराने, 02 लाइव एवं 01 रद्द) जिनकी कुल कीमत ₹16,956.35 पाई गई।
  • 8 मार्च 2026 को “तनमय एमपी ऑनलाइन” के संचालक तनमय जैन, निवासी लामटा (बालाघाट) को पकड़ा गया। जांच में पाया गया कि वह IRCTC का अधिकृत एजेंट न होते हुए भी पर्सनल आईडी से टिकट बनाकर प्रति यात्री ₹50–80 अतिरिक्त राशि वसूलता था। उसके कब्जे से 02 भविष्य ई-टिकट, 33 पुराने ई-टिकट एवं एक लैपटॉप सहित कुल ₹77,243.20 की जब्ती की गई।
  • 9 मार्च 2026 को अजय कावडे, निवासी गोंदिया के मोबाइल से 15 तत्काल/प्रीमियम तत्काल आरक्षित ई-टिकट (कीमत ₹75,299) बरामद किए गए तथा मोबाइल फोन जब्त किया गया।
Tags:    

Similar News