ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, जयरामनगर रेलवे ट्रैक पर मिली क्षत-विक्षत लाश, मची सनसनी

CG News: जयरामनगर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

Update: 2026-03-31 13:25 GMT

इमेज सोर्स- NPG News

बिलासपुर|31 मार्च 2026|जयरामनगर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

मस्तूरी पुलिस के अनुसार, जयरामनगर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक पुरुष का शव मिलने की सूचना स्टेशन मास्टर द्वारा दी गई थी। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो शव क्षत-विक्षत स्थिति में मिला। प्रथम दृष्टया मामला रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है, हालांकि पुलिस आत्महत्या के पहलू पर भी बारीकी से जांच कर रही है।

​आसपास के ग्रामीणों और स्टेशन के कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का पता चल सकेगा। बहरहाल पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

शिनाख्त की हो रही कोशिशें

पुलिस ने आसपास के गांवों में मृतक के हुलिए और कपड़ों के आधार पर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का मानना है कि मृतक आसपास के किसी गांव का निवासी हो सकता है, जो देर रात ट्रैक पार कर रहा था।

Tags:    

Similar News