नगर पालिका कार्यालय में मुर्गा-दारू पार्टी! शोर-शराबा बंद करने बनाया दबाव तो पार्षदों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा...
CG News: छत्तीसगढ़ बिलासपुर के तखतपुर नगर पालिका में अफसरों और पार्षदों की मौजूदगी में होली मिलन के बहाने दारू-मुर्गा पार्टी का आयोजन किया गया था। आयोजन के दौरान कानफोड़ू आवाज में गाना बज रहा था।
इमेज सोर्स- NPG News
बिलासपुर।03 मार्च 2026| होली का त्योहार है, लोग होलियाना मूड में आ भी गए हैं। इसका नजारा सोमवार को रात में दिखाई दिया। छत्तीसगढ़ बिलासपुर के तखतपुर नगर पालिका में अफसरों और पार्षदों की मौजूदगी में होली मिलन के बहाने दारू-मुर्गा पार्टी का आयोजन किया गया था। आयोजन के दौरान कानफोड़ू आवाज में गाना बज रहा था। रात का समय था, लिहाजा कार्यालय के बाजू में रहने वालों ने इसका विरोध किया और कम आवाज में गाना बजाने कहा। बस फिर क्या था, पार्टी का सुरूर ऐसा कि उसे दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई कर दी। वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है।
नगर पालिका कार्यालय में पार्टी करने वाले पार्षदों और पालिका के अधिकारियों की इस हरकत की अब चर्चा होने लगी है। रात के समय कानफोड़ू आवाज में बज रहे गाना की आवाज कम कराने गए पड़ोसी की पार्टी में शामिल लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। यह तो सुरुर ही था, परेशान पड़ोसी की परेशानी दूर करने के बजाय उसे दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई कर दी।
पार्टी करने वालों की ऐसी चालाकी
नगर पालिका दफ्तर में पार्टी करने वालों की चालाकी देखिए, कार्यालय कैम्पस में हर एक कोने में और अफसरों के ऑफिस में CCTV कैमरा लगा हुआ है। पार्टी से पहले सभी सीसीटीवी कैमरे को बंद करा दिया गया था। मतलब साफ है, बंद कैमरे के बीच जो कुछ होगा, बाहर नहीं जाएगा और ना ही किसी को इस बात की जानकारी ही मिल सकेगी। इसका खुलासा तब हुआ जब मारपीट की घटना जब सार्वजनिक हुई और सीसीटीवी फुटेज मांगी गई तब बताया कि सभी कैमरे कार्यालय बंद होने के साथ ही बंद हो गए थे। या बंद कर दिए गए थे।
पड़ोसी की पिटाई, वीडियो बना रहे शिक्षक को धमकाया और वीडियो डिलीट कर दिया
पार्टी करने वाले पार्षदों ने सारी मर्यादा को लांघ दिया था। गाने की आवाज कम करने की गुजारिश करने आए पड़ोसी को पार्षद दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे थे। इसी दौरान एक शिक्षक पार्षदों की करतूत को अपने मोबाइल पर वीडियो के जरिए कैद कर रहा था। पार्षद उनके घर पहुंचे, शिक्षक को अपने अंदाज में धमकाया ही नहीं, मोबाइल छीन कर वीडियो डिलीट कर दिए। अचरज की बात ये, इस पूरे ड्रामेबाजी के बीच नगर पालिका के अफसर मौन साधे खड़े रहे।
पीड़ित ने इसलिए पुलिस में नहीं की शिकायत
चर्चा इस बात की भी हो रही है कि पीड़ित ने मार खाने के बाद भी सिर्फ इसलिए पुलिस थाने में पार्षदों के करतूत की शिकायत नहीं की, उनकी पत्नी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। पार्षदों ने धमकाया है, थाने गए मतलब तुम्हारी पत्नी की नौकरी गई। बहरहाल इस घटना को लेकर अब तखतपुर में तो चर्चा हो रही है,सोशल मीडिया में भी अब तेजी के साथ कुछ वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है।