Ambikapur News: देश-विदेश में क्रिकेट खिलाने के नाम पर 15.38 लाख की ठगी, फर्जी दस्तावेज देकर लेता रहा रूपये, फिर मोबाइल बंद कर हुआ फरार...
Ambikapur News: छत्तीसगढ़ में क्रिकेट संघ के माध्यम से देश विदेश में खिलाने की बात कहकर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शिकायत के बाद से फरार चल रहा था।
Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में देश-विदेश में क्रिकेट खिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने क्रिकेट संघ के माध्यम से क्रिकेट खिलाने का झांसा दिया और 15.38 लाख की ठगी की। आरोपी ने भरोसा जितने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़ित को दिये थे।
जानिए क्या थी ठगी की शिकायत
दरअसल, शिकायतकर्ता अजय कुमार वर्मा निवासी ग्राम सेखवापुर थाना पिहानी जिला हरदोई उत्तरप्रदेश का निवासी है और क्रिकेट खिलाड़ी है। पीड़ित 14 मार्च 2021 को नेपाल क्रिकेट टुर्नामेन्ट खेलने गया था। जहां पर प्रार्थी कि मुलाकात मृगांक कुमार सिन्हा निवासी त्रिकोण चौक अम्बिकापुर से हुई थी। मृगांक कुमार ने अजय को अपने क्रिकेट संघ की तरफ से देश विदेश के टुर्नामेन्टो में खिलाने की बात कहकर मोबाइल नंबर ले लिया।
नेपाल से वापस आने के करीब 10 दिन बाद मृगांक ने अजय को फ़ोन कर क्रिकेट संघ में रजिस्ट्रेशन फिस के नाम पर 1480 रूपये जमा करवाया। इसके बाद पीड़ित ने रजिस्ट्रेशन व पासपोर्ट हेतु 4460 रुपये, 1500 रूपये जमा कराया। आरोपी ने पीड़ित को फोन कर बताया कि उसका सलेक्शन विदेशी दौरे के लिए हुआ है। आरोपी ने इस दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार कर अजय को भेजा।
15.38 लाख की ठगी
प्रार्थी से लगातार पेटीएम, गुगल पे. फोन पे पर रूपया जमा करवाता रहा। अजय को यह आश्वासन देता रहा कि तुम्हारा सारा रूपया तुम्हें वापस कर दिया जाएगा। प्रार्थी से लगभग 12 लाख रूपया जमा करवा लिया, फिर 11 जून को प्रार्थी को छत्तीसगढ बुलाया और वहां भी प्रार्थी से रुपये जमा करवाया। कुल मिलाकर प्रार्थी से 15 लाख 38 हजार रूपये की ठगी आरोपी ने किया।
मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली मे अपराध क्रमांक 589/24 धारा 420, 467, 468, 471 भा.द.वि. का अपराध दर्ज कर विवेचना मे लिया गया। जांच विवेचना पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में प्रार्थी का कथन लेख कर आरोपी की पत्ता तलाश की गई। आरोपी लगातार फरार चल रहा था। आरोपी द्वारा प्रार्थी को छग युथ युनाईटेड क्रिकेट संघ इस्पात क्लब भिलाई सेक्टर 6 का क्रिकेट खेलने में विदेश दौरे की सूची के संबंध में जानकारी संचनालय खेल वं युवा कल्याण रायपुर छ.ग. से लिया गया।
उक्त संस्था के संबंध में मान्यता नहीं होने की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके आधार पर आरोपी मृगांक सिन्हा को पकड़कर हिरासत मे लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से प्रकरण मे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाता है।
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, आरक्षक जीतेश साहू, अमनपुरी सक्रिय रहे।
आरोपी का नाम
मृगांक सिन्हा आत्मज सुनील सिन्हा उम्र 40 वर्ष साकिन त्रिकोण चौक पहुना दुकान अंबिकापुर