तू जहां मैं वहां... पति आंध्र में आईपीएस, साथ रहने के लिए जज पत्नी ने छोड़ी यूपी की नौकरी और आंध्र में पास की सिविल जज की परीक्षा

पहले तेलुगु भाषा सीखी फिर आंध्रप्रदेश न्यायिक सेवा में चौथा स्थान हासिल किया

Update: 2022-04-07 11:04 GMT

लखनऊ, 07 अप्रैल 2022। तू जहां जहां चलेगा, मेरा साया साथ होगा... ये थोड़े पुराने फैशन का गाना हो गया। यूपी की हरदोई में सिविल जज निकिता सेंगर ने इसे तू जहां मैं वहां...में बदल दिया। दरअसल, 2018 बैच की सिविल जज निकिता के पति तुहिन सिन्हा आंध्रप्रदेश में आईपीएस हैं। दोनों ने आईएलएस लॉ कालेज पूना से पढ़ाई की थी। वर्ष 2021 में दोनों की शादी हुई थी। पति तुहिन का कैडर बदलने की संभावना शून्य होने के कारण सिविल जज निकिता ने पूरे मनोयोग से पहले तेलुगु भाषा सीखी। इसके बाद आंध्र प्रदेश न्यायिक सेवा के लिए आवेदन किया। परिणाम आते ही उनकी पति के साथ रहने की इच्छा अब पूरी होने जा रही है। वह पहले ही प्रयास में आंध्रप्रदेश की न्यायिक अधिकारी बन गईं। वह अब उत्तरप्रदेश न्यायिक सेवा से त्यागपत्र देकर आंध्र प्रदेश में जज के रूप में सेवाएं देंगी। बता दें कि निकिता और तुहिन दोनों के परिजन लखनऊ से हैं। निकिता के पिता आरएस सेंगर सहकारिता विभाग में डिप्टी कमिश्नर हैं। वहीं तुहिन के पिता वीएन सिन्हा सेल्स टैक्स के अपर आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हैं।

Tags:    

Similar News