CM सर की क्लास में मुंगेली और बेमेतरा कलेक्टर का रिपोर्ट कार्ड कमजोर, हल्के-फुल्के अंदाज में सीएम भूपेश ने कहा कि ये हर मामले में पीछे क्यों हैं भाई, NGGB पर कही ये बात...
रायपुर, 21 अक्टूबर 2021। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की क्लास से पहले कलेक्टरों के मन में जैसा चल रहा था, उसके विपरीत माहौल काफी हल्का-फुल्का और एनर्जेटिक था। मुख्य सचिव अमिताभ जैन कलेक्टर्स कांफ्रेंस का संचालन कर रहे थे। एक-एक सब्जेक्ट पर मुख्यमंत्री जिलों का रिपोर्ट देखते थे और बात करते थे। सेकंड हॉफ में लंच के बाद जब बैठक शुरू हुई, तब अचानक मुख्यमंत्री बोल उठे कि ये मुंगेली और बेमेतरा हर मामले में पीछे क्यों है भाई...यह सुनना था कि अफसर अलर्ट हो गए। हालांकि मुख्यमंत्री ने आगे जोड़ा कि अगली बार कांफ्रेंस में आपको आगे रहना है। यह सुनकर सबकी जान में जान आई।
इससे पहले एक और मजेदार वाकया हुआ। नरवा गरुवा घुरवा बाड़ी की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने थोड़े मजाकिया लहजे में लेकिन सख्त संदेश के साथ कहा कि यह तो करना ही पड़ेगा। मैं छोड़ने वाला नहीं हूं। मल्टी एक्टिविटी सेंटर और रूरल इंडस्ट्रीज पर काम कर के दिखाना होगा। यह सबकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने मीडिया से भी सबको बेहतर संबंध बनाकर रखने पर जोर दिया।