मुंबई के चर्चित पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को राज्य सरकार ने किया निलंबित

Update: 2021-12-02 14:24 GMT

मुबई, 2 दिसंबर 2021। वसूली कांड में फंसे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी परमबीर सिंह को आखिरकार सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर ये कार्रवाई अनुशासनहीनता और अन्य गड़बड़ियों को लेकर की गई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सिंह के निलंबन की फाइल को मंजूरी दे दी। जिसके तहत परमबीर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है।

परमबीर सिंह को लेकर आईएएस अधिकारी देबाशीष चक्रवर्ती की रिपोर्ट को महाराष्ट्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। देबाशीष चक्रवर्ती ने परमबीर सिंह के खिलाफ सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में पूछताछ की थी। इसके अलावा, राज्य के गृह विभाग ने उनके खिलाफ प्रशासनिक त्रुटियों के लिए भी विभागीय जांच शुरू की थी। महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने पहले कहा था कि नियमों का उल्लंघन करने पर परमबीर सिंह को निलंबित किया जाएगा। उन्होंने कहा हम परमबीर सिंह के खिलाफ उनके अनुशासनहीनता और अनियमितताओं के लिए कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया में हैं। पिछले दिनों परमबीर सिंह खुद के खिलाफ दर्ज जबरन वसूली के दो मामलों में बयान देने के लिए सीआईडी के सामने पेश हुए थे। सीआईडी परमबीर सिंह के खिलाफ मरीन ड्राइव और कोपरी पुलिस स्टेशन में दर्ज मामलों की जांच कर रही है। परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपए की उगाही करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद अनिल देशमुख जेल चले गए।

Similar News