बस्तर आईजी सुंदरराज की दो टूक, धरना जुलूस रैली में जो क़ानून का पालन नहीं करेगा.. उस हर शख़्स पर कड़ी क़ानूनी कार्यवाही होगी
जगदलपुर 2 अप्रैल 2022। जुलूस रैली धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व करने वालों के नियंत्रण से बाहर जाने वाली घटनाओं के लगातार दोहराव को देखते हुए बस्तर रेंज आईजी ने एडवाइज़री जारी की है।
बस्तर रेंज आईजी पी सुंदरराज की यह एडवाइज़री चार बिंदुओं पर केंद्रित है, जो यह स्पष्ट करती है कि जब भी रैली प्रदर्शन हो तो पुलिस और स्थानीय प्रशासन बेहतर समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठाए, साथ ही जो लोग इन राजनैतिक सामाजिक रैली धरना प्रदर्शन जुलूस का नेतृत्व करते हैं वे यह सुनिश्चित करें कि, क़ानून और सुरक्षा व्यवस्था का पालन अनिवार्य रुप से हो।
रेंज आईजी पी सुंदरराज ने कहा यदि कोई किसी समूह का नेतृत्व करता है तो समूह के साथ साथ नेतृत्व करने वाले की जवाबदेही है कि क़ानून व्यवस्था सुरक्षा के मानक और दिशानिर्देश का पालन करे।पुलिस सहयोग के लिए ही मौजुद है लेकिन यदि भीड़ की आड़ में क़ानून व्यवस्था बाधित हो, सुरक्षा व्यवस्था और दिशानिर्देश की अवहेलना होगी तो जो करेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा.. उसे कड़ी क़ानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा रेंज आईजी सुंदरराज ने रेंज के हर कप्तान को स्पष्ट किया है कि, यदि वे यह पाते हैं कि क़ानून सुरक्षा व्यवस्था को बिगाड़ा जा रहा है तो ऐसे तत्त्वों की पहचान करें और बेहद कड़ी कार्रवाई करें।